बेशर्मी की हद...सिरफिरे आशिक ने जबरन नव-विवाहिता को अज्ञात स्थान पर छुपाया, मचा हड़कंप

punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2020 - 11:58 AM (IST)

अमृतसर(इन्द्रजीत): थाना डी-डिवीजन के अंतर्गत आते क्षेत्र में एक विवाहित महिला को जबरन ले जाने का मामला दर्ज किया गया है। इस विचित्र मामले में उक्त आरोपी महिला को विवाह हो जाने के उपरांत भी फ़ोन कर परेशान करता था, जिससे उसके परिवार के अंदर शंका की लकीरें खींच गई थीं। मामले की जांच के उपरांत पुलिस ने मामला दर्ज किया।जानकारी के मुताबिक महिला के पिता रूपलाल ने थाना डी-डिवीजन को शिकायत की है कि विकास उर्फ बिल्ला पुत्र रामकृष्ण निवासी गली शेखावाली लाहौरी गेट उसकी विवाहित बेटी को बराबर परेशान करता चला आ रहा है। बिल्ला की इस करतूत के कारण उसका ससुराल का जीवन प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने बताया कि उसकी बेटी की शादी इसी वर्ष जनवरी महीने में फगवाड़ा में हुई थी। वहीं उक्त आरोपी उसके ससुराल घर में भी उसे बराबर फोन पर तंग करता रहा, जिसके कारण उसके परिवार में दरार पडऩे लगी। लड़की के ससुराल वालों ने भी यही शक जाहिर किया कि उक्त फोन करने वाला व्यक्ति उसके साथ कोई संबंध रखता है। बताया जा रहा है कि इस प्रकार के ताने सुनने के उपरांत पीड़ित महिला अपने मायके घर चली आई। यहां पर उसने अपने पिता को सारी बात विस्तार से सुनाई तो परिवार बहुत दुखी हुआ। इसी बीच उक्त महिला अपने भतीजे के साथ मंदिर गई थी कि उक्त आरोपी विकास बिल्ला ने बेशर्मी की हद कर दी। 

लड़की के पिता ने कहा कि कथित आरोपी ने अपने 2 अज्ञात साथियों के साथ उसकी लड़की को घेर लिया और जबरन उसे अपने साथ किसी अज्ञात स्थान पर ले गया। यह पूरी घटना उसे लड़की के साथ मंदिर में गए उसके भतीजे ने बताई। इस संबंध में थाना डी-डिवीजन के एस.एच.ओ हरिंदर सिंह ने बताया कि संबंधित मामले के लिए केस दर्ज कर लिया गया है और इसके लिए सब इंस्पेक्टर मैडम तरजिंद्र कौर को जांच के निर्देश दिए हैं। सब-इंस्पैक्टर मैडम तरजिंदर ने बताया कि इस संबंध में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई और इस मामले में धारा-346/34 के अंतर्गत आरोपी और उसके अज्ञात साथियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस उन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार कर लेगी।
 

Vatika