निहंगों ने की प्लाट पर कब्जा करने की कोशिश, CCTV कैमरे में कैद हुई घटना

punjabkesari.in Wednesday, Dec 11, 2019 - 03:18 PM (IST)

मोगा: मोगा में निहंगों की तरफ से एक प्लाट पर कब्जा करने की कोशिश की गई। आरोप है कि इन लोगों ने कब्जे की कोशिश में दीवार गिराने के दौरान वीडियो बनाने वालों को धमकाया भी है। मामला कस्बा बाघापुराना का है। इस मामले में पुलिस ने 30-35 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 

CCTV कैमरे में कैद हुई घटना
जानकारी के मुताबिक इस बारे में कस्बे के पुराना पत्ती निवासी हरमिंदर पाल सिंह ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उसने 2006 में बलदेव सिंह पुत्र महिंदर सिंह पुराना पत्ती से 11 मरले जमीन खरीदी थी। रजिस्ट्री उसके नाम पर है। इसके बाद तरसेम सिंह ने 11 मरले जमीन को लेकर उसके खिलाफ अदालत में केस दायर कर दिया था। 25 दिन पहले हाईकोर्ट की तरफ से उसके हक में स्टेटस-को कर दिया। इसके बाद तरसेम सिंहतथा राजकमल सिंह ने मिलकर कुछ निंहग सिंहों को एकत्रित करके चार दिन पहले 100 के करीब लोगों ने जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। उन्होंने जमीन को चारों ओर से हथियारों से घेरा डाल लिया था। इस बात की भनक लगने पर हरमिंदर पाल ने थाने में जाकर लिखित शिकायत दी। उस समय कब्जा किसी तरह रुक गया, लेकिन 10 दिसंबर को निहंग सिंहों ने दीवारें तोड़ दी। इतना ही नहीं इन लोगों ने मोबाइल पर वीडियो बनाने वालों को मोबाइल बंद करने के लिए बरछा दिखाकर धमकाया और फायर भी किए। यह सारा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया।

30-35 अज्ञात हथियारबंद व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज

इस मामले की जांच कर रहे सहायक थानेदार दसपाल सिंह ने बताया कि हरमिंदरपाल सिंह पुत्र मघर सिंह निवासी पुराना पत्ती बाघापुराना की शिकायत पर तरसेम सिंह पुत्र बिशन सिंह निवासी पुराना पत्ती बाघापुराना तथा राजकमल सिंह निवासी बाघापुराना के अलावा 30-35 अज्ञात हथियारबंद व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि कथित आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है।

Vaneet