कैप्टन के कद जैसा पंजाब की किसी पार्टी के पास कोई नेता नहीं : लाल सिंह

punjabkesari.in Sunday, Jan 12, 2020 - 11:26 AM (IST)

पटियाला(राजेश): पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन (कैबिनेट रैंक) लाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह के साथ हर पंजाबी चट्टान की तरह खड़ा है। सिर्फ कांग्रेसी विधायक ही नहीं बल्कि आम पंजाबी भी पंजाब के हित में कैप्टन अमरेंद्र सिंह के साथ हैं और कैप्टन के कद जैसा पंजाब की किसी पार्टी के पास कोई नेता नहीं है। 

लाल सिंह ने कहा कि पटियाला के समूचे कांग्रेसी विधायक अमरेंद्र सिंह को अपने परिवार का प्रमुख समझते हैं। इन विधायकों का गिला मुख्यमंत्री के साथ नहीं बल्कि कुछ अफसरों के साथ था। पटियाला के जिन 4 कांग्रेसी विधायकों ने जिले की अफसरशाही की मनमानियों के खिलाफ जो झंडा उठाया था, उस मामले में मुख्यमंत्री के आदेशों पर कार्रवाई हो चुकी है, जिस कारण सभी विधायक संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने ही जिला शिकायत निवारण कमेटी का गठन किया है और हर कमेटी का इंचार्ज कैबिनेट मंत्री को लगाया है।

लाल सिंह ने कहा कि हलका समाना के विधायक रजिन्द्र सिंह ने सी.आई.ए. स्टाफ समाना के इंस्पैक्टर विजय कुमार पर जो भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे, उस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार का केस दर्ज किया गया है और इस मामले की विजीलैंस जांच शुरू कर दी है। राजपुरा के विधायक हरदयाल सिंह कम्बोज ने राजपुरा सी.आई.ए. स्टाफ की तरफ से बड़ी मात्रा में नशीली गोलियां पकड़ने के बाद नशों के सौदागरों पर बिना कार्रवाई किए छोड़ने के आरोप संबंधी पुलिस अफसरों पर एफ.आई.आर. दर्ज कर दी गई है। इसके साथ ही राजपुरा के विधायक ने एस.डी.एम. पर जो आरोप लगाए थे, उन्हें भी 6 घंटों में ही बदल दिया गया था। हलका घनौर के विधायक मदन लाल जलालपुर ने सरकारी अस्पताल में कांग्रेसी वर्करों पर किए गए हमलों के मामलों में पुलिस की ढीली कारगुजारी का मसला उठाया था, जिसके अंतर्गत तुरंत संबंधित थाना प्रमुखों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनका तबादला कर दिया गया है और कुछ को सस्पैंड भी कर दिया गया है। 

कांग्रेसी विधायकों में बगावत की बातें बेबुनियाद 
हलका शुतराणा के विधायक निर्मल सिंह ने तहसीलदार और नायब तहसीलदार बारे जो बात कही थी, उस पर भी कार्रवाई कर दी गई है। विधायक मदन लाल जलालपुर सहित दूसरे विधायकों ने लुधियाना में कांग्रेस की तरफ से की गई संविधान बचाओ रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मीडिया में जो कांग्रेसी विधायकों के बगावत की बातें आई थीं, वे बेबुनियाद हैं। 

Edited By

Sunita sarangal