हेरोइन बेचने वाला कुख्यात तस्कर राजा चढ़ा पुलिस के हत्थे, भारी मात्रा में नशीला पदार्थ और नकदी बरामद
punjabkesari.in Friday, Jun 26, 2026 - 07:55 PM (IST)
लुधियाना (राज): नशा तस्करों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए ताजपुर रोड इलाके से एक शातिर हेरोइन तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी इलाके में लंबे समय से हेरोइन बेचने का अवैध धंधा चला रहा था। पुलिस ने उसके पास से 308 ग्राम हेरोइन और 60,150 रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस पार्टी नशा तस्करों और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के संबंध में संजय गांधी कॉलोनी के पास ताजपुर कट पर मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर खास ने पुख्ता सूचना दी कि राजा पुत्र विष्णु देव, निवासी आर.के. ज्वैलर का वेहड़ा, ताजपुर रोड (नजदीक बिहारी कॉलोनी) हेरोइन बेचने का आदी है। वह आज भी अपने घर से हेरोइन की खेप लेकर किसी ग्राहक को सप्लाई करने के लिए अपने ठिकाने पर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और पूरी मुस्तैदी के साथ घेराबंदी करके आरोपी राजा को मौके से दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 308 ग्राम हेरोइन और नशीले पदार्थ की बिक्री से कमाए गए 60,150 रुपये बरामद हुए। पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर 7 में एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत केस दर्ज कर लिया है।
यह कामयाबी पुलिस कमिश्नर लुधियाना के दिशा-निर्देशों और डिप्टी कमिश्नर ग्रामीण के आदेशों पर मिली है। पूरी कार्रवाई अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर पुलिस (जोन-4) जशनदीप सिंह गिल और सहायक कमिश्नर पुलिस (पूर्वी) राज कुमार की निगरानी में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह और उनकी टीम द्वारा अंजाम दी गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जा सके कि वह यह नशा कहां से लाता था और उसके तार किन-किन बड़े तस्करों से जुड़े हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

