अब हर जिले में होगा CM आफिस, लोगों को चंडीगढ़ जाने की नहीं पड़ेगी जरूरत

punjabkesari.in Monday, Apr 11, 2022 - 11:44 AM (IST)

जालंधर (धवन): पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पंजाब के हर जिले में एक मुख्यमंत्री कार्यालय बनाने का फ़ैसला लिया है। इसके साथ लोगों को अपने काम करवाने के लिए चंडीगढ़ जाने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी।

मुख्यमंत्री भगवंत मान का कहना है कि लोग जब चंडीगढ़ अपनी शिकायतें लेकर जाते हैं या सरकारी कामकाज के लिए जाते हैं तो उनका समय तो ख़राब होता ही है, के साथ ही लोगों पर आर्थिक बोझ भी पड़ता है। इसे देखते हुए भगवंत मान ने राज्य में सरकार को डिजिटल तरीके से चलाने का फैसला लिया है, जिससे लोगों की शिकायतें सीधे चंडीगढ़ पहुंच जाया करें।

मुख्यमंत्री का मानना है कि जिला स्तर पर खोले जाने वाले इन दफ़्तरों में एक नोडल अफ़सर बैठेगा, जहां किसी व्यक्ति की शिकायत या उसके काम -काज को लेकर कंप्यूटर पर एंट्री करके उसे रसीद दी जाएगी। इसके साथ लोगों को यह एहसास होगा कि उनके आग्रह पर सरकार गौर कर रही है।  नोडल अधिकारी की तरफ से रोजाना मिलने वाली आवेदनों को चण्डीगढ़ में कंप्यूटर के द्वारा सी.एम. दफ़्तर पहुंचा दिया जाएगा, तो चण्डीगढ़ में मुख्यमंत्री दफ़्तर के अधिकारी कार्रवाई तुरंत शुरू कर दें। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री की तरफ से लिए गए इस फ़ैसले पर जल्द अमल होने की उम्मीद है और सभी जिलों में नोडल आधिकारियों को बिठा दिया जाएगा।

Content Writer

Vatika