ऑस्ट्रेलिया से पंजाब आए NRI की ह/त्या, अपने ने ही दिया वारदात को अंजाम
punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 05:50 PM (IST)
अमृतसर (रमन) : अमृतसर रूरल पुलिस ने एक लापता NRI के केस को सुलझाते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस जांच में मामला किडनैपिंग से मर्डर में बदल गया। ऑस्ट्रेलियन नागरिक सुनील शर्मा की हत्या के पीछे प्रॉपर्टी हड़पने की सोची-समझी साजिश सामने आई है। पुलिस ने इस केस में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 2 और आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है।

SSP अमृतसर रूरल कंवलप्रीत सिंह चहल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 23 मई 2026 को फतेहगढ़ चूड़ियां के रहने वाले गौरव कंधारी ने कंबो पुलिस स्टेशन में अपने दोस्त सुनील शर्मा के लापता होने की रिपोर्ट दी थी। सुनील शर्मा, जो ऑस्ट्रेलियन नागरिक था, अमृतसर में अपने घर के रेनोवेशन और बिक्री के लिए पंजाब आया था। संपर्क न होने पर पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मिले टेक्निकल सबूतों, CCTV फुटेज, टोल प्लाजा रिकॉर्ड और ह्यूमन इंटेलिजेंस जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि सुनील शर्मा के अपने भाई सतीश शर्मा उर्फ सनी ने कुछ प्रॉपर्टी डीलरों के साथ मिलकर उसकी प्रॉपर्टी हड़पने की साजिश रची थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार करवाई और बाद में सुनील शर्मा के दोनों घरों की रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली।
SSP ने बताया कि 22 मई को प्रॉपर्टी डीलरों ने सुनील शर्मा को घर बेचने के बहाने अमृतसर बुलाया। प्लान के मुताबिक, उसके खाने में नींद की गोलियां मिला दी गईं। बाद में जब वह बेहोश हो गया, तो उसका भाई सतीश शर्मा अपने बेटे सुनीश शर्मा के साथ मौके पर पहुंचा और बेसबॉल बैट से सिर पर वार करके उसकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद सतीश शर्मा की पत्नी अनुष्का शर्मा भी मौके पर पहुंच गई। आरोपियों ने बॉडी को गद्दे में लपेटकर सुनील शर्मा की कार में रखा और बाद में हरिके हेड वर्क्स के पास नदी में फेंक दिया। सबूत मिटाने के लिए सुनील शर्मा की कार श्री दरबार साहिब की पार्किंग में खड़ी कर दी गई।
पुलिस ने इस मामले में सतीश शर्मा, उसकी पत्नी अनुष्का शर्मा, बेटे सुनीश शर्मा और लछमन सिंह उर्फ बल को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मनजिंदर सिंह और जजबीर सिंह उर्फ बाबा नामजद हैं और उनकी तलाश जारी है। SSP कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि आरोपियों की पहचान होने पर पुलिस टीमें हरिके पत्तन पहुंचीं और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी ली गई, लेकिन पानी का बहाव तेज होने की वजह से मृतक का शव अभी तक बरामद नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है और जांच के दौरान और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

