NRI युवक के कत्ल की सुलझी गुत्थी, महिला सहित 2 गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, May 04, 2022 - 02:25 PM (IST)

तरनतारन (रमन): बीती 24 अप्रैल की देर रात एन.आर.आई. युवक की गोली मार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस मामले को पुलिस ने ट्रेस कर लिया है। थाना सिटी तरनतारन की पुलिस द्वारा 1 महिला सहित 2 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। गौरतलब है कि इस केस से जुड़े और आरोपी की तलाश अब भी जारी है। इस आरोपी की गिरफ्तारी होने के बाद अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करते हुए अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

एस.एस.पी. रणजीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मनजिंदर सिंह उर्फ मनी पुत्र इकबाल सिंह निवासी जोधपुर व लखविंदर कौर उर्फ निक्की पत्नी परगट सिंह निवासी न्यू दीप एवेन्यू तरनतारन को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुरुआती जांच में आरोपियों ने माना है कि जतिंदरपाल सिंह की हत्या हम लोगों द्वारा करवाई गई है। मनजिंदर सिंह उर्फ मनी ने यह खुलासा किया कि जतिंदरपाल सिंह द्वारा उस रात फोन पर किसी लड़की को लेकर बहस की गई थी। इसके बाद दोनों पक्षों में कुछ चुनौती हुई। आखिर उस रात साथी गुरभेज सिंह उर्फ बाबा पुत्र बलविंदर सिंह निवासी चुताला (जो मोटरसाइकिल के पीछे बैठा था) ने गोली मार कर जतिंदरपाल सिंह को मौत के घाट उतार दिया।

एस.एस.पी. ढिल्लों ने बताया कि इस समय गुरभेज सिंह उर्फ बाबा (जो शरारती तत्वों के संपर्क में है) मौके से फरार है। इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस पार्टी को छापेमारी करने भेज दिया गया है। गुरभेज सिंह उर्फ बाबा की गिरफ्तारी के बाद बाकी मामले की पुष्टि होगी। इस मौके पर एस.पी. (आई.) विशालजीत सिंह, थाना प्रभारी बलजीत कौर, साइबल सैल इंचार्ज रणवीर सिंह, ए.एस.आई. विपन कुमार आदि उपस्थित रहे।

आखिर क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार जतिंदरपाल सिंह (24) पुत्र सुखविंदर सिंह निवासी सुहावा (अपने माता-पिता का इकलौता बेटा) करीब 4 साल पहले कनाडा के टोरांटो शहर में पढ़ाई करने के लिए गया था, जो पढ़ाई के साथ-साथ पार्ट टाइम ड्राइवरी भी करता था। 15 अप्रैल को अचानक भारत पहुंचे जतिंदरपाल सिंह को घर में देख कर परिजन बहुत खुश हुए। 24 अप्रैल की रात को जतिंदरपाल सिंह अपने दोस्त जसलीन सिह, जुनेजा पाल सिंह, गुरजीत सिंह के साथ अपनी नई स्कॉर्पियो गाड़ी पर सवार होकर तरनतारन शहर पहुंचा था।

किसी होटल में खाना खाने के बाद जतिंदरपाल सिंह जब अपने दोस्तों के साथ रात करीब 11.30 बजे गाड़ी पर सवार होकर वापस घर लौट रहा था तो चार खंबा चौक में 2 मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों ने गोलियों से हमला कर दिया। 1 गोली जतिंदरपाल सिंह को लगने से वह घायल हो गया। दोस्तों ने तुरंत जतिंदरपाल सिंह को अस्पताल में दाखिल करवाया, परंतु तब तक जतिंदरपाल सिंह की मौत हो गई थी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

News Editor

Kalash