जालंधर में हथियार लहराते बाइक सवार युवकों का वीडियो वायरल, लोगों में दहशत
punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2026 - 11:11 PM (IST)
जालंधर : जालंधर में अपराधियों के बढ़ते हौसलों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शहर में चोर-लुटेरे अब खुलेआम बिना किसी डर के घूमते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला कपूरथला रोड स्थित न्यू आर.के. ढाबे के पास का सामने आया है, जहां कुछ हथियारों से लैस बाइक सवार युवकों को देखा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक पर सवार कुछ युवक संदिग्ध हालत में घूम रहे थे। इलाके के लोगों और कुछ युवकों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान बाइक के पीछे बैठे युवक के हाथ में खंडा जैसा हथियार दिखाई दिया। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि युवक बेखौफ होकर हथियार लेकर घूमते दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अक्सर इसी तरह के शातिर युवक रात के समय लूटपाट और छीना-झपटी जैसी वारदातों को अंजाम देते हैं। वायरल वीडियो के बाद इलाके में डर और गुस्से का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे तत्वों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए ताकि शहर में कानून व्यवस्था बनी रहे।

