हड़ताल को ढाल बनाकर विजिलेंस की कार्रवाई से भाग रहे कर अधिकारी

punjabkesari.in Monday, Nov 07, 2022 - 11:45 PM (IST)

लुधियाना (सेठी) : पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के महासचिव सुनील मेहरा ने राज्य के टैक्सेशन विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार देखा गया है कि जी.एस.टी. विभाग के अधिकारी इकट्ठे होकर विजिलेंस के खिलाफ स्ट्राइक का सहारा लेते हैं और ब्यूरो की कार्रवाई से बचते आ रहे हैं परन्तु उन्होंने सरकार से अनुरोध किया है कि ऐसे अधिकारियों के खिलाफ सख्ती से पेश आना चाहिए, जो विजिलेंस की कार्रवाई में अड़चन बनते हैं और भ्र्ष्ट अधिकारियों पर जांच में रूकावट बनते हैं। उन्होंने बताया कि अधिकारी हड़ताल को ढाल बनाकर केवल उन भ्र्ष्ट अधिकारियों को बचाना चाहते हैं, जो सरकार के खजाने को चूना लगा रहे हैं, जबकि इन कर अधिकारियों का कर्तव्य है कि करदाताओं से टैक्स कलेक्ट कर सरकार को जमा करवाएं। परन्तु मौजूदा हालातों को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि सरकारी खजाने के रक्षक ही भक्षक बने बैठे हैं। 

उन्होंने कहा कि यदि करदाता टैक्स चोरी करता है तो विभाग करदाताओं पर छापेमारी करता है, तो अब जब विजिलेंस भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई कर रहा है तो विभाग के अधिकारियों को किस बात की दिक्कत हैं। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि विजिलेंस ब्यूरो की जी.एस.टी. विभाग पर कार्रवाई किसी भी कीमत पर बंद नहीं होनी चाहिए, अन्यथा मंडल सरकार की इस दोगली नीति के खिलाफ रोष के चलते हड़ताल करेगा। 

सुनील मेहरा ने बताया कि एक दिन यदि मोबाइल विंग अधिकारी स्ट्राइक पर जाते हैं और राज्य के राजस्व को करोड़ों का नुकसान होता है, जिसकी भरपाई कर पाना मुश्किल है। जब राज्य सरकार जी.एस.टी. अधिकारियों को समय पर और तय वेतन मिलता है तो अपने काम से द्रोह करना, सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारी गलत नहीं हैं तो फिर क्यों विजिलेंस की कार्रवाई में अड़चन बन रहे है।     

बदीश जिंदल ने कहा की यदि अधिकारी ईमानदार है, तो विजिलेंस ब्यूरो की कार्रवाई से जी.एस.टी. अधिकारी क्यों डरे हुए हैं? उन्होंने कहा की विजिलेंस ब्यूरो का काम है भ्रष्टाचार पर रोकथाम लगाना। उन्होंने कहा कि ऐसे और कार्रवाई होनी चाहिए क्योंकि पंजाब की आर्थिक हालात बोगस बिलिंग के कारण बहुत नाज़ुक है और यदि अधिकारियों में ब्यूरो की कार्रवाई का डर है, तो वॉलेंट्री रिटायरमेंट स्कीम (वी.आर.एस) लेकर घरों में बैठ आराम करें, अन्यथा ब्यूरो की कार्रवाई का सामना करें। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को क्यों लगता है कि विजिलेंस गलत कार्रवाई करेगी। इसके साथ होने यह भी कहा की पंजाब में जो करोड़ो की बोगस बिलिंग हो चुकी है या हो रही है, इसका भी विजिलेंस की कार्रवाइयों से ही पता चलेगा। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Subhash Kapoor

Recommended News

Related News