‘ओकू’ ने चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया शिमलापुरी का गैंगस्टर कांचा

punjabkesari.in Saturday, Sep 12, 2020 - 09:31 AM (IST)

लुधियाना(ऋषि): क्वालिटी चौक शिमलापुरी में जून महीने में हुए मर्डर केस में फरार चल रहे और पुलिस की नाक में दम कर चुके गैंगस्टर सोनू उर्फ कांचा को ऑर्गेनाइज्ड क्राइम कंट्रोल यूनिट (ओकू) ने चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। गैंगस्टर कांचा से पुलिस को एक देसी रिवाल्वर भी बरामद हुआ है। ‘ओकू’ द्वारा एक के बाद एक पकड़े जा रहे गैंगस्टरों की डी.जी.पी. पंजाब दिनकर गुप्ता ने प्रशंसा करते हुए यूनिट को ईनाम देने की घोषण भी की है।आई.जी. कुंवर विजय प्रताप सिंह ने बताया कि डी.एस.पी. विभोर कुमार की पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कांचा को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर मोहाली में केस दर्ज किया है जिसके बाद अदालत में पेश कर आरोपी का 3 दिन का रिमांड हासिल किया गया है।

आई.जी. कुंवर विजय प्रताप सिंह के अनुसार कांचा के खिलाफ लुधियाना के विभिन्न थानों में 6 हत्या व हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं। एक महीना पहले ही ‘ओकू’ ने कांचा के साथी कर्णवीर सिंह को मुक्तसर से गिरफ्तार किया था। उल्लेखनीय है कि 1 जून 2020 की रात को गैंगस्टर कांचा द्वारा अपने गैंग के साथ मिलकर गांव बुलारा के रमनदीप सिंह (30) की हत्या की गई थी, जबकि उसके घायल दोस्त जुझार नगर निवासी गगनदीप सिंह के रूप में हुई थी। पुलिस ने हत्या के आरोप में 6 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। हमलावरों ने घटनास्थल पर डांस भी किया था।

Vatika