घर में खेल रही थी 1 साल की मासूम, बेटे का शोर सुन मां ने जब देखा तो उड़े होश

punjabkesari.in Wednesday, Aug 25, 2021 - 05:23 PM (IST)

डेराबस्सी (अनिल): यहां के गांव सैदपुरा में मासूम बच्ची की पानी से भरी बाल्टी में डूबने से मौत होने की सूचना मिली है। इस घटना के बाद परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। जानकारी के मुताबिक मृतक मासूम बच्ची की पहचान एक साल की अनुष्का बेटी सीलू निवासी डेराबस्सी के तौर पर हुई है।

मृतक बच्ची के पिता ने बताया कि वह डेराबस्सी में एक किराए के मकान में परिवार के साथ रहता है। उसका एक पांच साल का बेटा और एक साल की बेटी अनुष्का है। उक्त घटना दोपहर करीब साढ़े 3 बजे की है। मृतक बच्ची के पिता ने बताया कि उसकी पत्नी मकान की ऊपरी छत पर कपड़े धोने चली गई, जबकि उसका पुत्र ग्राउंड फ्लोर पर खेल रहा था। इस दौरान मासूम बच्ची घर में पानी की भरी हुई बाल्टी का ढक्कन खोलकर खेलने लगी।

जिसके बाद खेलते हुए बाल्टी में गिर गई और उसका सिर पानी में डूब गया। पिता ने बताया कि जब उसका पुत्र घर आया तो उसने बहन को डूबी हुई देख शोर मचा दिया। उसका शोर सुनकर पत्नी रानी पहली मंजिल से भाग कर नीचे आई तो बेटी को इस हालत में देख उसके पैरों तले ज़मीन खिसक गई।

उसने तुरंत बेटी को बाहर निकाला और पड़ोसियों की मदद से सिविल अस्पताल पहुंचाया। परन्तु उस समय तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल के डाक्टरों की तरफ से बच्ची को मृतक करार दिया गया। मासूम बच्ची की पानी में डूबने के कारण मौत हो चुकी थी। सब इंस्पेक्टर सतनाम सिंह ने बताया कि पुलिस ने मासूम बच्ची लाश को डेराबस्सी सिविल अस्पताल में रखवा कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 

Content Writer

Tania pathak