राजा वड़िंग पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार, SC आयोग ने दिया 5 दिन का समय

punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 05:28 PM (IST)

पंजाब डेस्क: पंजाब कांग्रेस प्रधान और लुधियाना से मौजूदा सांसद राजा वड़िंग मुश्किलों में घिर गए हैं। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (NCSC) ने सख्त रुख अपनाते हुए राजा वड़िंग की गिरफ्तारी के आदेश दे दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री स्वर्गीय बूटा सिंह पर चुनावी सभा के दौरान कथित अपमानजनक और जातिसूचक टिप्पणी करने के मामले में NCSC ने कार्रवाई की है।

आयोग के अध्यक्ष किशोर मकवाना की अध्यक्षता में सोमवार को मामले की सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद आयोग ने पंजाब पुलिस को राजा वड़िंग समेत सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर 5 दिनों के भीतर स्टेटस रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। वहीं आयोग ने नाराजगी भी जताई है कि, निर्देश के बावजूद जांच में देरी की गई और कार्रवाई की रिपोर्ट नहीं सौंपी गई। 

इसके साथ ही शिकायतकर्ता सरबजोत सिंह (स्वर्गीय बूटा सिंह के बेटे) को मिल रही कथित धमकियों को लेकर दिल्ली और पंजाब में तत्काल 24 घंटे पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी सिफारिश की गई है। सुनवाई के दौरान बूटा सिंह के बेटे सरबजोत सिंह के अलावा तरनतारन पुलिस के डीएसपी हरप्रीत सिंह और डीएसपी गुलजार सिंह भी मौजूद रहे। आयोग ने दोनों पुलिस अधिकारियों से मामले को लेकर सवाल-जवाब किए। शिकायतकर्ता सरबजोत सिंह और पुलिस अधिकारियों की दलीलें सुनने के बाद आयोग ने पुलिस को मामले की जांच जल्द पूरी कर चार्जशीट पेश करने के निर्देश दिए। साथ ही राजा वड़िंग की गिरफ्तारी को लेकर 5 दिन के भीतर कार्रवाई करने को कहा गया है।

राजा वारिंग ने क्या कहा था? 

गौरतलब है कि 11 नवंबर को तरनतारन विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के लिए प्रचार करते हुए वाड़िंग ने पूर्व केंद्रीय मंत्री के बारे में कुछ टिप्पणी की थी। राजा वड़िंग ने बूटा सिंह के रंग रूप और एक्सरसाइज से जुड़ी टिप्पणी की थी। इसे बूटा सिंह के परिवार और दलित समुदाय ने अपमानजनक/जातिवादी टिप्पणी बताया था। इस मामले में बूटा सिंह के बेटे की शिकायत के बाद राजा वड़िंग के खिलाफ केस भी दर्ज किया गया था। 

वड़िंग ने कहा था कि बूटा सिंह उनके लिए पिता जैसे 

इस विवाद के बाद राजा वड़िंग ने बाद में सफाई दी थी कि बूटा सिंह एक अनुभवी कांग्रेस नेता हैं और उनके लिए पिता जैसे हैं और वह कभी उनका अपमान नहीं कर सकते। उस समय वड़िंग ने कहा था कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। उन्होंने यह भी कहा था कि वह बूटा सिंह जैसी सम्मानित हस्तियों का कभी अपमान नहीं कर सकते।
 

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini