OSD राजबीर घुम्मन CBI के सामने पेश, गिरफ्तारी पर रोक के बाद पहली बार पहुंचे दफ्तर

punjabkesari.in Friday, Oct 16, 2026 - 05:13 PM (IST)

पंजाब डैस्क : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के OSD राजबीर घुम्मन शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित CBI कार्यालय पहुंचे। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में यह उनकी पहली पेशी है। कोर्ट ने उन्हें जांच में पूरा सहयोग करने का निर्देश दिया था। अदालत से राहत मिलने के बाद अब वह पहली बार CBI के सामने पेश हुए हैं। इससे पहले FIR दर्ज होने के बाद CBI की ओर से भेजे गए तीन समन के बावजूद वह जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए थे। राजबीर घुम्मन के साथ उनके वकील GPS घुम्मन भी मौजूद रहे। वकील के मुताबिक, CBI ने उन्हें नोटिस जारी कर शुक्रवार को पेश होने के लिए कहा था। इसी नोटिस के आधार पर वह जांच एजेंसी के कार्यालय पहुंचे।

सुप्रीम कोर्ट से राहत के बाद जांच में हुए शामिल
इस मामले में 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने राजबीर घुम्मन की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई पर अंतरिम रोक लगा दी थी तथा जांच में सहयोग के आदेश दिए थे। सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया था कि मामले में दर्ज सीबीआई एफआईआर के तहत कोई भी कठोर कार्रवाई न की जाए। CMO से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में उनकी पेशी को जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अब जांच एजेंसी उनसे मामले से संबंधित सवाल-जवाब कर सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News