पानी को लेकर मची हाहाकार, विधायक के निर्देशों के बावजूद नहीं हो रही सुनवाई
punjabkesari.in Friday, Jul 17, 2026 - 02:09 PM (IST)
हाजीपुर (जोशी): गांव बहरंगा के निवासी पिछले काफी समय से पेयजल की अनियमित एवं अपर्याप्त आपूर्ति के कारण गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं नियमित जलापूर्ति न होने से ग्रामीणों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है तथा विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान हेतु इंजी. रजनीश कुमार, सुशील कुमार, गुरदेव सिंह, जोगिंदर सिंह, रणधीर सिंह व आदि ग्रामीणों द्वारा जल आपूर्ति विभाग, तलवाड़ा के एस.डी.ओ. तथा कार्यकारी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर नियमित एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई थी।

इसके अतिरिक्त, दसूहा के विधायक ने भी इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेते हुए संबंधित एस.डी.ओ. को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। इसके बावजूद आज तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है और गांव के लोग अब भी पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। पानी को लेकर लोगों में हाहाकार मची हुई है। ग्रामीणों ने कहा कि स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराना सरकार और संबंधित विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बार-बार शिकायतों और जनप्रतिनिधि के हस्तक्षेप के बावजूद समस्या का समाधान न होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन, जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग तथा पंजाब सरकार से मांग की है कि इस मामले में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई कर गांव में नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन करने के लिए विवश होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

