नाभा: रिलायंस पेट्रोल पंप के कर्मचारी पर हमला कर 10.45 लाख रुपए लूटने वाले काबू

punjabkesari.in Friday, Oct 26, 2018 - 05:24 PM (IST)

नाभा(जैन): स्थानीय नाभा-पटियाला रोड पर स्थित रिलायंस पैट्रोल पंप के कर्मचारी जगसीर सिंह उर्फ सुखदेव सिंह निवासी गांव रोहटा को घायल करके उससे 10 लाख 45 हजार रूपए की नगदी लूटने की वारदात को अंजाम देने वाले लुटेरों को पुलिस ने 92 घंटों के भीतर गिरफ्तार करके बड़ी सफलता प्राप्त की है। 

पुलिस इंस्पैक्टर सुखराज सिंह घुम्मण ने एस.एस.पी. मनदीप सिंह सिद्धू के निर्देशों पर एस.पी. (डी) मनजीत सिंह बराड़ के नेतृत्व में भागदौड़ करके सी.सी.टी.वी. कैमरों को खंगाला व दोनों युवा लुटेरों हरविंद्र सिंह उर्फ छोटा पुत्र लेट बंत सिंह वासी अलौहरां कलां व 22 वर्षीय हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पुत्र कर्मजीत सिंह वासी गोबिंदगढ़ छन्ना को गिरफ्तार कर लिया। एस.एस.पी. के अनुसार दोनों को गांव के खेतों में स्थित मोटर से काबू करके लूटी गई राशि 10.45 लाख रूपए वारदात में प्रयोग किया गया सप्लैंडर मोटरसाइकिल बरामद कर लिया गया है। 

वर्णनीय है कि हरविंद्र सिंह के खिलाफ 8 वर्ष पूर्व आई.टी.आई. रखड़ा में हुए दोहरे हत्याकांड कारण धारा 302 आई.पी.सी. के अधीन मामला दर्ज हुआ था, जिस कारण हरविंद्र जेल में रहा। सैंट्रल जेल में हरविंद्र की मुलाकात गैंगस्टर पलविंद्र सिंह पिंदा से हुई जो बाद में मैक्सीमम सुरक्षा जेल नाभा में भी हवालाती रहा व 29 मार्च 2016 को उसके साथी गैंगस्टर पिंदा को सिविल अस्पताल परिसर में से अंधाधुंध फायरिंग करके भगा ले गए थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों का अदालत से पुलिस रिमांड लेकर गहराई से जांच की जाएगी तांकि अन्य वारदातों संबंधी पता लगाया जा सके। एस.एस.पी. ने त्यौहारों के कारण पुलिस गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया है तांकि शरारती तत्व कोई वारदात को अंजाम न दे सके।
 

Vaneet