लुधियाना में दो लोग एक किलो हेरोइन के साथ काबू

punjabkesari.in Thursday, Mar 22, 2018 - 07:02 PM (IST)

लुधियाना: लुधियाना पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक किलो हेरोइन बरामद करने का दावा किया है।  

एसटीएफ एआईजी मुखविंदर सिंह भुल्लर ने यहां संवाददाताओं को बताया कि लुधियाना यूनिट के इंचार्ज एसआई हरबंस सिंह और उनके साथियों ने यह कार्रवाई की और लुधियाना के कम्युनिटी सेंटर-39ए के पास बने पार्क में दोराहा, लुधियाना जिला निवासी राजेश कुमार और विजेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार वह लोग पुलिस को देखकर भागने लगे थेे और पुलिस ने पीछा कर काबू किया था। उनकी तलाशी लेने पर उनके पास से एक किलो हेरोइन बरामद हुई जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत पांच करोड़ बताई जाती है। 

पुलिस के अनुसार राजेश पहले सब्जी मंडी में काम करता था लेकिन दो-तीन साल से बेरोजगार था। वह खुद भी नशे का आदी हो गया और नशे की पूर्ति तथा घर के गुजारे के लिए हेरोइन की तस्करी करने लगा था। उसके खिलाफ अलग-अलग जगहों पर हत्या की कोशिश तथा मादक पदार्थों की आपूर्ति के आरोप मेें मामले दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है। दूसरा आरोपी विजेंद्र सिंह मधुमक्खी पालन फैक्ट्री में काम करता था। उसके खिलाफ पिछले साल ही नशा तस्करी का एक मामला दर्ज किया गया था। वह कुछ समय पहलेे ही जमानत पर बाहर आया था। पुलिस ने बताया कि पकड़ी गई हेरोइन दोनों दिल्ली में एक नाइजेरियाई नागरिक से सस्ते में खरीद लाए थे और यहां महंगे में बेचतेे थे। 
 

Punjab Kesari