हाईवे पर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले 6 लुटेरे काबू

punjabkesari.in Saturday, Feb 23, 2019 - 07:16 PM (IST)

रोपड़: रोपड़ पुलिस ने हाईवे लुटेरा गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है जो हरियाणा के अंबाला जिले, पंजाब के पटियाला, मोहाली और रोपड़ जिलों में हाईवे पर लूट की वारदातों के लिए कुख्यात थे। रोपड़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्न शर्मा ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि गिरोह गत लगभग दो वर्षों से हाईवे पर लूट की वारदातों को अंजाम दे रहा था। गिरफ्तार किए गए गिरोह के छह सदस्यों के विरुद्ध उक्त जिलोंं में लूट, डकैती और इरादातन कत्ल के कुल 16 मामले दर्ज हैं। 

पुलिस ने इनके कब्जे से एक लाख रूपए नकदी और मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि गिरोह का सरगना पटियाला के शंभू निवासी खुशप्रीत उर्फ खुशी (19) है जिसके खिलाफ आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की शिनाख्त नाभा निवासी विकास (सात मामले), शम्बू निवासी मनदीप (आठ मामले), मोरिंडा का गुरविंदर (दो मामले), बसी पठाणा का गुरविंदर (चार मामले) और फतेहगड़ साहिब का विक्की (दो मामले) के रूप में की गई है। इन अपराधियों की मुलाकात मोहाली और पटियाला की जेलों में हुई थी जहां ये अलग-अलग मामलों के तहत बंद थे। 


शर्मा के अनुसार यह गिरोह उन लोगों को अपना शिकार बनाता था जिनके पास समिति की वसूली या लोन (कर्ज) की बड़ी रकम होती थी और उन इलाकों में लूट करता था जहां ऐसे लोग ज्यादा हों। पेट्रोल पंप या गैस एजेंसियों भी इनके निशाने पर थे जहां रोजमर्रा पैसों की वसूली होती है। उन्होंने बताया कि इस गिरोह के चार सदस्य और भी हैं जिनकी तलाश की जा रही है। 

Vaneet