पति को लगाना चाहती थी 50 हजार का जहरीला टीका, आशिकी में अड़ा रहा था टांग

punjabkesari.in Saturday, Nov 02, 2019 - 04:48 PM (IST)

अमृतसर(संजीव,महेंद्र): तलाक न मिलने पर अपने पति को 50 हजार रुपए में जहर का टीका लगवा उसकी हत्या की साजिश रचने वाली मनिन्द्र कौर निवासी किंग एवेन्यू व उसके प्रेमी दविन्द्र सिंह निवासी ईस्ट मोहन नगर को थाना इस्लामाबाद की पुलिस ने गिरफ्तार कर अदालत के निर्देशों पर 14 दिन के जूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस ने दोनों पर दर्ज हत्या के मामले को हत्या प्रयास में तबदील कर दिया है। वारदात से पहले ही जिला पुलिस ने साजिश को बेनकाब कर पति बख्शीश सिंह की जान बचा ली। 

यह है मामला
मनिन्द्र कौर पोलीटैक्निक कालेज में लैब असिस्टैंट है और पति बख्शीश सिंह सिविल सर्जन कार्यालय में तैनात है। दोनों सरकारी मुलाजिम होने पर भी झगड़ा रहता था। मनिन्द्र कौर ने बाजार से 10-12 लाख रुपए का कर्ज उठा रखा था जिसे चुका नहीं पा रही थी। वह पति से तलाक लेना चाहती थी पर तीन बच्चे होने से पति तलाक नहीं दे रहा था। इसी विवाद के चलते मनिन्द्र कौर के करीब ढेढ़ साल पहले दविन्द्र सिंह निवासी ईस्ट मोहन नगर से प्रेम संबंध बन गए।



दविन्द्र एक प्राइवेट बैंक में कलैक्शन मैनेजर है। अब बख्शीश उन दोनों के प्रेम संबंधों में रोड़ा बन रहा था। उसे रास्ते से हटाने को मनिन्द्र ने साजिश रची, जिसके तहत अरविन्द्र व विशाल को बख्शीश सिंह को जहर का टीका लगाने पर 50 हजार रुपए देने का लालच दिया। इसके बाद अरविन्द्र व विशाल ने साजिश पुलिस को बता दी। योजना के अनुसार दोनों युवक मनिन्द्र कौर के घर गए, जहां थाना इस्लामाबाद की पुलिस ने ट्रैप लगा रखा था। जैसे ही पत्नी व दोनों युवकों में पति को मरवाने की बातचीत हुई, पुलिस ने मनिन्द्र और घर में छिपे प्रेमी दविन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस ने बख्शीश सिंह की जान बचाने वाले युवकों की पीठ थपथपाई। 

ये कहना है पुलिस का
ए.सी.पी. नरिन्द्र सिंह का कहना है कि पुलिस ने समय रहते साजिश को देर रात बेनकाब कर दिया। थोड़ी सी देरी मनिन्द्र कौर के पति बख्शीश सिंह की जान ले सकती थी। पुलिस को समय पर सूचना मिली और तुरंत कार्रवाई की गई। बख्शीश सिंह को पुलिस द्वारा सुरक्षा दी गई है। वहीं थाना इस्लामाबाद की एडिशनल इंचार्ज एस.आई. गुरविन्द्र कौर ने बताया कि आरोपियों पर पति को मरवाने की साजिश रचने का केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। 

Vaneet