पाक आर्मी चीफ बाजवा ISI मुख्यालय पहुंचे, भारत विरोधी नीतियों पर हुई चर्चा

punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2020 - 10:38 AM (IST)

गुरदासपुर/इस्लामाबाद (विनोद): पाकिस्तान के चीफ आफ आर्मी स्टाफ जनरल कमर जावेद बाजवा गत देर शाम अचानक इस्लामाबाद स्थित पाकिस्तान की गुप्तचर एजैंसी आई.एस.आई. के मुख्यालय पहुंचे। आई.एस.आई. चीफ लै.जनरल फैज हमीद सहित अन्य उच्चाधिकारियों को आई.एस.आई. मुख्यालय बुलाया गया।

देर रात तक चली मीटिंग में कमर जावेद ने आई.एस.आई. अधिकारियों से पाकिस्तान तथा इसके पड़ोसी देश भारत संबंधी तैयार नीतियों की चर्चा की। पाकिस्तान सरकार द्वारा लद्दाख के कुछ हिस्सों को अपना बताए जाने संबंधी पैदा हुई स्थिति पर भी विचार किया गया। कमर जावेद ने आई.एस. आई.चीफ फैज हमीद को कार्यालय में बैठकर काम करने की बजाय फील्ड में जाकर काम करने को कहा। साथ ही उन्होंने पाकिस्तान मेें शरण लिए खालिस्तानी तथा कश्मीरी आतंकवादियों को सक्रिय करने को कहा। जावेद ने साफ किया कि जो हमारे कहने अनुसार काम नहीं करता उसे पाकिस्तान से भगा दिया जाए।

वहीं सूत्र बताते हैं कि आई.एस.आई. मुख्यालय में खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के स्वयंभू चीफ रंजीत सिंह नीटा को भी बुलाया गया था। उससे जावेद की मीटिंग हुई या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। कहा जा रहा है कि रंजीत सिंह नीटा रात लगभग 10.30 बजे आई.एस.आई. मुख्यालय में काले रंग की कार में आया था तथा गेट पर उसकी चैकिंग भी हुई थी।

Vatika