पंजाब में 30 दिसंबर को होंगे पंचायत चुनाव

punjabkesari.in Friday, Dec 07, 2018 - 05:23 PM (IST)

चंडीगढ़/फिरोजपुर(गुलाटी): पंजाब में पंचायत चुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू कर दी गई है। यह जानकारी आज यहां चुनाव आयुक्त जगपाल सिंह संधू ने दी। इसी के साथ ही चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना जारी कर दी गई है। राज्यभर में चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। 

सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा
संधू ने बताया कि नामांकन पत्र 15 से 19 दिसंबर तक भरे जाएंगे तथा 20 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उसके बाद 21 दिसंबर तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे और इसी दिन उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह अलॉट कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मतदान 30 दिसंबर को रविवार के दिन सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा और वोटों की गिनती और नतीजों का ऐलान उसी दिन होगा। 

राज्य में कुल 17,268 बूथ स्थापित किए गए
राज्य की 13276 पंचायतों के लिए 83831 पंचों का चयन किया जाएगा, जिनमें से अनुसूचित जाति के लिए 17811, अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए 12634, सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए 22690, पिछड़ी श्रेणियों के लिए 4381 और सामान्य वर्ग के लिए 26315 सीटें हैं। संधू ने बताया कि ग्राम पंचायत चुनाव के लिए राज्य में कुल 12787395 वोटरों का नाम दर्ज हैं, जिनमें से 6688245 पुरुष वोटर हैं। 6099245 महिला और 97 तीसरा लिंग वोटर हैं। राज्य में इन चुनावों के मद्देनजर 17268 बूथ स्थापित किए गए हैं और 86340 सरकारी कर्मचारियों को चुनाव प्रक्रिया को पूरा करने में लगाया गया है। 
 

 

 

Vaneet