सुखबीर बादल को SIT द्वारा तलब किए जाने पर बोले पंचायत मंत्री धालीवाल

punjabkesari.in Friday, Aug 26, 2022 - 07:37 PM (IST)

चंडीगढ़: पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने आम आदमी पार्टी मंत्रालय की बैठक के बाद चंडीगढ़ भवन में प्रेस वार्ता की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि गत दिन बरगाड़ी  बेअदबी घटना मामले में  एस.आई.टी. ने  शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को सम्मन जारी किया है। इस मामले पर लोग पंजाब सरकार से सवाल कर रहे थे कि चुप क्यों हैं? इसका जवाब देते हुए मंत्री धालीवाल ने कहा कि हम चुप नहीं थे बल्कि पूरी कानूनी कार्रवाई कर रहे थे।

पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि अगर अकाली दल और कांग्रेस सरकार ने इसे गंभीरता से लिया होता तो अब तक न्याय मिल जाता। उन्होंने कहा कि अकाली दल का इतिहास बताता है कि यह पार्टी धर्म के नाम पर वोट लेने आई है और जब यह घटना हुई तब अकाली दल की सरकार थी। उस समय उनका ढाई साल का कार्यकाल था लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। इसी तरह कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार ने भी 5 साल में इसे गंभीरता से नहीं लिया। कांग्रेस के कार्यकाल में कोटकपुरा गोलीकांड के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था। उसकी जेल में मृत्यु हो गई, लेकिन उसकी मृत्यु कैसे हुई, इसके बारे में कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया। मंत्री ने कहा कि वे सभी मिले हुए थे।

सवालों के घेरे में सुखबीर बादल

उन्होंने कहा कि बेअदबी के समय सुखबीर बादल गृह मंत्री थे, उन्हें सभी पंजाबियों और सिखों को जवाब देना चाहिए कि कोटकपुरा और बहबल कलां में शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे सिखों पर गोली चलाने का आदेश किसने दिया?  किस अफसर ने ये आदेश दिए थे और यह गोली कैसे चली? उन्होंने सवाल किया कि अकाली दल के नेता उस स्थान पर क्यों नहीं पहुंचे जहां गोलीबारी हुई थी। इन सभी सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए। मंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि जिसने गोली चलाने और आग लगाने का आदेश दिया वह इस घटना का मुख्य दोषी है।

मान सरकार दिलाएगी न्याय

मंत्री धालीवाल ने कहा कि पंजाब की जनता ने जिस उम्मीद से आम आदमी पार्टी को बहुमत से जिताया है, उसके लिए सरकार हर वादे को पूरा करेगी और न्याय दिलाएगी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों को साढ़े 7 साल लगे लेकिन उन्हें इंसाफ नहीं मिला। मान सरकार अपने पहले 5 वर्षों में वह सब कुछ करेगी जो पिछली सरकारों ने नहीं किया। हमारे गुरु की बेअदबी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और बहबल कलां और कोटकपुरा कांड के आरोपियों को भी जेलों में बंद कर दिया जाएगा। इसके अलावा मंत्री धालीवाल ने कहा कि इसमें थोड़ा वक्त लग सकता है, लेकिन पंजाब सरकार की नीति और नीयत साफ है। चुनाव से पहले उनके द्वारा किए गए हर वादे पर पहरा दिया जाएगा। यह हिसाब हम पंजाबियों को ही नहीं गुरु साहिब को देने जा रहे हैं। माननीय सरकार दोषियों को बर्दाश्त और माफ नहीं करेगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

News Editor

Kamini