सिविल अस्पताल में भारी बवाल: मेडिकल करवाने आए हुड़दंगियों ने डॉक्टरों से की धक्का-मुक्की, इमरजेंसी में मची अफरा-तफरी!

punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 08:41 AM (IST)

लुधियाना, (राज) : सिविल अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब यहाँ मेडिकल करवाने आए कुछ युवकों ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों के साथ सरेआम बदसलूकी की और बात धक्का-मुक्की से होती हुई मारपीट तक पहुँच गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हडक़ंप मच गया और कुछ देर के लिए काम-काज पूरी तरह ठप हो गया।

मामले को लेकर अस्पताल पहुंचे युवक गग्गी ने डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। गग्गी का कहना है कि वह अपने एक दोस्त का मेडिकल करवाने के लिए सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में आया था। उसका आरोप है कि डॉक्टरों ने इलाज या मेडिकल करने की बजाय उनके साथ बदतमीजी शुरू कर दी। जब उन्होंने जल्द मेडिकल करने की बात कही, तो डॉक्टर भडक़ गए और विवाद बढ़ गया। दूसरी ओर, ड्यूटी पर तैनात डॉ. अवतार सिंह ने युवकों के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे सरासर झूठ करार दिया है। डॉ. सिंह ने बताया कि मेडिकल करवाने आए युवक शुरुआत से ही बदसलूकी कर रहे थे।

देखते ही देखते उन्होंने डॉक्टरों पर हमला कर दिया और मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उक्त युवकों ने अस्पताल के दफ्तर में जमकर हुड़दंग मचाया और तोडफ़ोड़ करने की कोशिश भी की, जिससे डॉक्टरों और स्टाफ में डर का माहौल पैदा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुँची। जब पुलिस ने युवको को समझाने का प्रयास किया तो वह पुलिस मुलाजिम के साथ ही झगडऩ और बहस करने लग गए थे। इसके बाद पुलिस ने युवकों को बाहर की ओर खदेड़ा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News