बड़ा झटका : विधायक परगट सिंह के खासमखास सहित 25 गांवों की पंचायतों ने थामा इस पार्टी का हाथ

punjabkesari.in Monday, Mar 20, 2023 - 11:23 AM (IST)

जालंधर : हर समय कांग्रेसी विधायक परगट सिंह के साथ चट्टान की तरह खड़े रहने वाले कस्बा जमशेर के मौजूदा सरपंच हरिन्द्र सिंह बिट्टू शाह समेत जालंधर कैंट हलके में पड़ते 25 गांवों की पंचायतें आज कांग्रेस को अलविदा कहकर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गईं। रविवार को जंडियाला मंजकी में आप के जालंधर कैंट हलके से प्रभारी ओलिम्पियन सुरिन्द्र सिंह सोढी पूर्व आई.जी. व अर्जुन अवार्डी के नेतृत्व में रखे गए एक समारोह में मंडी बोर्ड पंजाब के चेयरमैन व आप के महासचिव हरचंद सिंह बरसट द्वारा जमशेर, लखनपाल, धनी पिंड, सरहाली, हरदो-फराला, पंडोरी मुशारकती, चाचोवाल, कास्मपुर, बम्बियांवाल, नत्थेवाल, दादूवाल, दादूवाल अबादी, फतेहपुर, प्रतापपुरा, कोट कलां, चन्नणपुर, हमीरी खेड़ा, धनाल खुर्द इत्यादि गांवों के कई सरपंचों तथा पंचों को आम आदमी पार्टी ज्वॉयन करवाई।

उन्होंने ओलिम्पियन सुरिन्द्र सिंह सोढी द्वारा कांग्रेसी विधायक परगट सिंह को दिए गए बड़े झटके के लिए उनकी प्रशंसा भी की। इस मौके पर आप की प्रदेश सचिव राजविन्द्र कौर थियाड़ा, आप के वरिष्ठ नेता सौदागर सिंह औजला, पूर्व जिला परिषद मैम्बर एवं फोल्ड़ीवाल के सरपंच सुखविन्द्र सिंह सुक्खा शेरगिल, लोकसभा हलका जालंधर के प्रभारी एवं चेयरमैन मंगल सिंह, जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन अमृतपाल सिंह, एडवोकेट दिनेश कुमार लखनपाल इत्यादि मौजूद थे।

हरचंद सिंह बरसट व ओलिम्पियन सोढी ने कांग्रेस छोड़कर आए पंचों-सरपंचों का स्वागत करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी में उन्हें पूरा सम्मान दिया जाएगा। 2 दिन पहले ही जालंधर कैंट कंटोनमैंट बोर्ड के पूर्व कौंसलर जौली अटवाल ने भी कांग्रेस छोड़कर विधायक परगट सिंह को बड़ा झटका दिया था क्योंकि जौली अटवाल अक्सर परगट सिंह के इरद-गिर्द ही देखे जाते थे।

मौजूदा विधायक परगट सिंह की लगातार कैंट हलके में स्थिति खराब होती जा रही है। उनका साथ वो छोड़कर जा रहे हैं, जिन पर उन्हें बहुत ज्यादा भरोसा हुआ करता था। कहा जा रहा कि लोकसभा उप चुनाव व नगर निगम चुनाव से पहले आप नेता जालंधर कैंट हलके में और बड़ा धमाका करने जा रहे हैं। सोढी लगातार हलके से जुड़े हुए हैं जबकि परगट सिंह, जगबीर सिंह बराड़, सरबजीत सिंह मक्कड़ कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं। यही कारण है कि लोग लगातार कांग्रेस, अकाली दल व भाजपा को छोड़कर आप का दामन पकड़ रहे हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

News Editor

Urmila