बठिंडा रैली में बोले प्रकाश सिंह बादल- धर्मनिरपेक्षता देश की बुनियाद है

punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2020 - 09:54 PM (IST)

बठिंडा (विजय): पंजाब के 5 बार मुख्यमंत्री रह चुके प्रकाश सिंह बादल ने देश में शांति, भाईचारक सांझ तथा धर्मनिरपेक्ष मूल्यों पर मंडरा रहे खतरों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि देश में रह रहे विभिन्न समुदायों में विश्वास बहाल करने को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने हर अकाली कार्यकर्त्ताओं को शांति तथा भाईचारक सांझ का दूत बनने का अनुरोध किया, जिसकी शिक्षा महान गुरु साहिबान ने दी है। बठिंडा में पंजाब सरकार विरोधी विशाल रैली को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने धर्मनिरपेक्षता को भारत की बुनियाद करार दिया। उन्होंने कहा कि इसी बुनियाद पर ही पूरा देश खड़ा है।

उन्होंने कहा कि देश के निर्माताओं ने धर्मनिरपेक्षता को हमेशा एक गोंद की तरह माना है जोकि हमारे देश में विभिन्न पृष्ठभूमियों, धर्मों , भाषाओं तथा सभ्याचारों के लोगों को आपस में जोड़ती है। उन्होंने कहा कि हमें एक ऐसे दृष्टिकोण से भारत को मजबूत बनाना है जोकि विभिन्न समुदायों के बीच आपसी समझ तथा सम्मान पर आधारित होता है। पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य तथा केंद्र सरकारों को देश में साम्प्रदायिक सौहार्द को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने का आह्वान किया। बादल ने कहा कि देश का अंदरूनी माहौल तथा खासतौर पर पिछले दिनों दिल्ली में हुई दुखद घटनाएं चिंता का विषय है। अल्पसंख्यकों के दिलों में डर, असुरक्षा तथा अनिश्चितता का माहौल लगातार बढ़ रहा है, जिसे दूर करना चाहिए।

पार्टी छोड़कर गए नेता पार्टी की पीठ में छुरा घोंप गए: बादल
पार्टी छोड़कर गए नेताओं पर निशाना साधते हुए बादल ने कहा कि उक्त लोगों को पार्टी में बेशुमार लाभ व सम्मान दिए गए थे लेकिन वह लोग पार्टी की पीठ में छुरा घोंप गए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए वे गए हैं वे उनका प्रयोग कर उन्हें फैंक देंगे। बादल ने गांधी जी के बयान का हवाला दिया, जिसमें महात्मा ने कहा था कि यदि कांग्रेस ने सिखों के साथ किए वादों संबंधी धोखा किया तो इससे न सिर्फ कांग्रेस पार्टी का सत्यानाश होगा, बल्कि पूरे देश का नुक्सान होगा।

पंजाब में अकाली सरकार बनते ही घरेलू बिजली के रेट आधे कर दिए जाएंगे
अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने दावा किया कि पंजाब में अकाली सरकार बनने पर घरेलू बिजली के रेट आधे कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बिजली दरों में की जा रही बार बार बढ़ौतरी ने आम आदमी पर बहुत ज्यादा बोझ डाल दिया है। अकाली-भाजपा सरकार के बाद बिजली दरों में दोगुनी बढ़ौतरी सरकार के कुप्रबंधन तथा निकम्मेपन के कारण हुई है। इसके अलावा 4300 करोड़ के बिजली घोटाले भी इसकी वजह है, जिसके तहत सरकारी खजाने को चूना लगाकर प्राईवेट थर्मल प्लांटों को लाभ पहुंचाया गया है। उन्होंने घोषणा की कि 2022 में अकाली दल की सरकार बनते ही विकास कार्य दोबारा शुरू कर दिए जाएंगे। पंजाब के 12 हजार गांवों की कायाकल्प करने की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि सभी गांवों में शहरों की तर्ज पर पक्की गलियां, गलियों में रोशनी का प्रबंध, सीवरेज तथा पानी की सुविधाएं दी जाएंगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Mohit

Recommended News

Related News