आज की राजनीति गंदी, मुझ पर भैंस चोरी का लगाया बेतुका इल्जाम:बादल

punjabkesari.in Sunday, Jan 27, 2019 - 06:02 PM (IST)

बरनाला (विवेक सिंधवानी, गोयल): पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री व शिअद के अध्यक्ष स्व. सुरजीत सिंह बरनाला की दूसरी बरसी उनके घर में मनाई गई जिसमें विशेष तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री व शिअद के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल शामिल हुए। श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के बाद संगत को संबोधित करते उन्होंने कहा कि स्व. सुरजीत सिंह बरनाला पंजाब के ही नहीं पूरे हिन्दुस्तान के लीडर हुए हैं। उनके जाने का मुझे बहुत दुख है। वह इंसान नहीं बल्कि अपने आप में एक संस्था थे। उन्होंने बाखूबी सभी पदों पर अपनी ड्यूटी निभाई। उनमें इतनी काबिलियत थी कि एक बार तो देश की सारी राजनीतिक पार्टियों ने उनके नाम पर प्रधानमंत्री पद की सहमति दे दी थी।

अकाली दल के लिए भी उन्होंने बहुत अधिक कुर्बानियां दीं। देश की आजादी में भी उन्होंने हिस्सा डाला व उस दौरान उन्होंने जेल काटी। कई बार तो हमने इकट्ठे जेल काटी। वह सभी राजनीतिक दलों के नेताओं का सम्मान करते थे परंतु अब देश की राजनीति गंदली हो चुकी है।  विधानसभा व पार्लियामैंट में एक दूसरे पर झूठे आरोप लगाए जाते हैं। कैप्टन सरकार का तो काम ही बदलाखोरी का है। राजनीति इतनी गंदी हो चुकी है कि एक बार तो मुझ पर भैंस की चोरी का इल्जाम लगा दिया गया। अब प्रश्न यह उठता है कि क्या मैं भैंस चोरी करूंगा? 

 कैप्टन अमरेन्द्र सिंह के राज्य में युवक बेरोजगार होकर घूम रहे हैं। इंडस्ट्री का बुरा हाल है। किसानों को कर्जा माफी के नाम पर धोखा दिया गया है। दूसरी तरफ अकाली सरकार ने किसानों के ट्यूबवैलों के बिजली बिल माफ किए। हर वर्ष 6 हजार करोड़ के बिजली बिल माफ किए जाते हैं व उसमें कोई शर्त नहीं रखी जाती थी। इस दौरान बादल ने एस.आई.टी. की तरफ से मोगा के पूर्व एस.एस.पी. चरनजीत शर्मा को गिरफ्तार किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एस.आई.टी. का गठन उनकी सरकार के वक्त किया गया था और 'सिट' अपना काम बखूबी कर रही है। सुखदेव सिंह ढींडसा को मिलने जा रहे 'पद्म विभूषण अवार्ड' के लिए उन्होंने बधाई दी।


 

Mohit