झोटा ह+त्याकांड के बाद मानसा में सुरक्षा सख्त, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

punjabkesari.in Tuesday, Oct 20, 2026 - 12:55 PM (IST)

मानसा (मित्तल): नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले को लेकर मानसा शहर में बने तनावपूर्ण माहौल के मद्देनजर जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की ओर से अलग-अलग जगहों पर नाकाबंदी कर चौकसी बरती जा रही है। इसके साथ ही पुलिस की गाड़ियों से लगातार गश्त भी की जा रही है। जिला पुलिस प्रमुख वैभव चौधरी ने स्पष्ट किया है कि शहर में कानून-व्यवस्था हर हाल में बनाए रखी जाएगी और किसी को भी शांति भंग करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई शरारती तत्व लोगों के साथ दुर्व्यवहार करता है या किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बाजार खुले, सामान्य रूप से चल रहे कामकाज
पुलिस प्रशासन की ओर से शहर में शांति बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। एसएसपी ने कहा कि मानसा के बाजार पूरी तरह खुले हैं और लोगों के कामकाज सामान्य रूप से चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की पहली प्राथमिकता शहर में शांति बनाए रखना, लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कानून-व्यवस्था कायम रखना है। शरारती तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और किसी को भी शांतिपूर्ण माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं, इंसाफ कमेटी ने भी पुलिस प्रशासन को भरोसा दिलाया है कि उसका कोई भी सदस्य किसी तरह की हुड़दंगबाजी नहीं करेगा। कमेटी ने कहा कि वह अपना संघर्ष शांतिपूर्ण तरीके से जारी रखते हुए विरोध प्रदर्शन करेगी।

झोटा की हत्या के बाद से तनावपूर्ण माहौल
परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद से शहर में लगातार तनाव का माहौल बना हुआ है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने किसी भी संभावित अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पहले से ही इंतजाम किए हैं। पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारियों को पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करने और हर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से भी शहर में अमन-शांति बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही, लोगों से किसी भी अपुष्ट जानकारी या अफवाह पर विश्वास न करने को कहा गया है। पुलिस ने अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते जरूरी कार्रवाई की जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News