राजनीति में आने की चर्चाओं पर परविंदर झोटा के पिता का बड़ा बयान, जानें क्या कहा
punjabkesari.in Friday, Oct 23, 2026 - 03:02 PM (IST)
मानसा (संदीप मित्तल): नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में इंसाफ की मांग को लेकर जारी संघर्ष के बीच उनके पिता भीम सिंह ने राजनीति में आने की चर्चाओं पर विराम लगा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं है। उनका मुख्य उद्देश्य अपने बेटे के लिए इंसाफ हासिल करना और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करवाना है।
गौरतलब है कि परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद मानसा में इंसाफ की मांग को लेकर लगातार धरना दिया जा रहा है। इस मामले में परिवार और इंसाफ कमेटी ने सरकार के सामने कई मांगें रखी हैं। इनमें हत्या की साजिश की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से करवाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग भी शामिल है।
इस बीच, परविंदर सिंह झोटा के पिता भीम सिंह को राजनीति में आने और चुनाव लड़ने की अपील किए जाने की चर्चाएं भी सामने आई थीं। हालांकि, भीम सिंह ने इन संभावनाओं को स्पष्ट रूप से खारिज करते हुए कहा कि वह किसी राजनीतिक पद या चुनाव की दौड़ में शामिल नहीं होना चाहते। उनका कहना है कि इस समय उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण अपने बेटे की मौत के मामले में इंसाफ हासिल करना है। परिवार की मांगें पूरी करवाने और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। मानसा में इस मामले को लेकर लोग और विभिन्न संगठन लगातार आवाज उठा रहे हैं। परिवार ने स्पष्ट किया है कि इंसाफ मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

