परविंदर सिंह झोटा की ह+त्या के विरोध में मानसा बंद, बाजारों में पसरा सन्नाटा; भारी पुलिस बल तैनात

punjabkesari.in Wednesday, Oct 14, 2026 - 12:40 PM (IST)

मानसा: पंजाब पुलिस की ओर से किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए गए सुरक्षा इंतजामों के बावजूद आज मानसा में बंद का असर देखने को मिला। नशे के खिलाफ मुहिम चलाने वाले एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में बंद के आह्वान के चलते शहर के कई बाजारों में दुकानें बंद रहीं और आम जनजीवन प्रभावित हुआ।
PunjabKesari
शहर की सड़कों पर सामान्य दिनों के मुकाबले आवाजाही काफी कम रही। दुकानों के शटर बंद होने के कारण बाजारों में सन्नाटा पसरा दिखाई दिया। कुछ जगहों पर लोगों की आवाजाही जारी रही, लेकिन कारोबारी गतिविधियां काफी हद तक ठप रहीं। बंद को देखते हुए शहर में पुलिस बल भी तैनात किया गया। परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद इलाके में रोष का माहौल बना हुआ है। नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले एक्टिविस्ट की मौत से लोगों में गुस्सा है। परिवार के सदस्यों, समर्थकों और विभिन्न संगठनों की ओर से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। इस मामले को लेकर विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठन भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
PunjabKesari

प्रदर्शनकारियों की मांग है कि मामले की गंभीरता से जांच की जाए और पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाया जाए। दूसरी ओर, पुलिस ने शहर में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। इस समय पुलिस प्रशासन के सामने लोगों के रोष के बीच कानून-व्यवस्था बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती है। परविंदर सिंह झोटा की हत्या को लेकर लोगों में गुस्सा लगातार बना हुआ है। अब सभी की नजरें पुलिस की अगली कार्रवाई और पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर टिकी हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News