झोटा ह+त्याकांड में बड़ा एक्शन! आधी रात मानसा पहुंची CBI, पुलिस से ली केस की फाइल

punjabkesari.in Wednesday, Oct 21, 2026 - 11:31 AM (IST)

पंजाब डेस्कः एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड की जांच अब CBI ने अपने हाथ में ले ली है। मंगलवार देर रात CBI की टीम मानसा पहुंची और स्थानीय पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया। मानसा पुलिस ने हत्याकांड से जुड़ी फाइल टीम को सौंप दी है। अब बुधवार को CBI की टीम झोटा के परिजनों से मुलाकात कर उनके बयान दर्ज करेगी।

अमित शाह के दौरे के 6 घंटे बाद पहुंची टीम
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को मानसा में परविंदर सिंह झोटा के परिवार से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया था कि मामले की गहराई से जांच करवाई जाएगी और बुधवार को ही CBI की टीम मानसा पहुंच जाएगी। शाह के पंजाब से रवाना होने के करीब 6 घंटे बाद ही CBI की टीम मानसा पहुंच गई। टीम ने पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर केस से संबंधित दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए।

परिवार की मांग पर CBI को सौंपी गई जांच
परविंदर सिंह झोटा के परिजनों की मांग पर हत्याकांड की जांच पंजाब पुलिस से CBI को सौंपने का फैसला लिया गया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार, 20 अक्टूबर को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी थी। अब CBI की टीम मामले से जुड़े तथ्यों और सबूतों की जांच करेगी। बुधवार को झोटा के परिवार से मुलाकात के दौरान उनके बयान भी दर्ज किए जाने की संभावना है।

9वें दिन भी धरना जारी, अंतिम संस्कार से इनकार
परविंदर सिंह झोटा के परिवार और समर्थकों का धरना बुधवार को नौवें दिन भी जारी है। अब तक शव का पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ है। झोटा के पिता भीम सिंह ने स्पष्ट कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, परिवार अंतिम संस्कार नहीं करेगा। बता दें कि 13 अक्टूबर को केमिस्ट अश्विनी कुमार ने परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद से ही परिवार और समर्थक न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। अब CBI जांच शुरू होने से परिवार को मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News