लड़की की BMW के नीचे आकर मर गया राहगीर, बोली-''लोग तो मरते रहते है''

punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2020 - 11:52 AM (IST)

चंडीगढ़ (सुशील राज): सैक्टर-55/40 की डिवाइडिंग रोड पर शनिवार देर रात बी.एम.डब्ल्यू. तले एक राहगीर को रौंदने वाली युवती बिना ड्राइविंग लाइसैंस के कार चला रही थी। सैक्टर-39 थाना पुलिस ने मोहाली निवासी आरोपी 20 वर्षीय युवती प्रभनूर कौर के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी युवती एक रिटायर्ड कर्नल की बेटी है। पुलिस ने युवती का देर रात ही मैडीकल कराया। इसके बाद युवती के ब्लड और यूरीन सैंपल सी.एफ.एस.एल. जांच के लिए भिजवाए हैं, जिससे यह साफ हो सके कि घटना के वक्त वह नशे में थी या नहीं। वहीं, हादसे में मरने वाले व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

लोगों ने एक किलोमीटर दूर जाकर पकड़ी
शनिवार देर रात सैक्टर-55/40 की डिवाइडिंग रोड पर एक तेज रफ्तार बी.एम.डब्ल्यू. गुजर रही थी। इस दौरान वहां से जा रहे एक व्यक्ति रौंदते हुए कार वहां से फरार हो गई। मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। लोगों ने पीछा कर करीब एक किलोमीटर की दूरी पर बी.एम.डब्ल्यू. को रुकवा लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गाड़ी से उतरकर महिला ने कहा ऐसे ही लोग मरते रहते है, जिसके बाद लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। हादसे की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल को जी.एम.एस.एच.-16 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया लेकिन हादसे के एक दिन बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। सैक्टर-39 थाना पुलिस बी.एम.डब्ल्यू. कार को कब्जे में लेकर थाने ले गई थी। वहीं, मामले में गिरफ्तार हुई चालक प्रभनूर कौर चंडीगढ़ के एक कॉलेज की बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा है। हालांकि पुलिस ने उसे बाद में जमानत पर रिहा कर दिया है।

Vatika