पटियाला में करंट लगने के कारण नौजवान की मौ+त, भयानक मंजर देखने वालों का निकली सांसे

punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 11:19 AM (IST)

पटियाला: पटियाला से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। गोपाल कॉलोनी में 11 केवी बिजली की तारों पर काम कर रहे एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे की एक खौफनाक वीडियो भी सामने आई है, जिसमें युवक बिजली की तारों से लटका हुआ नजर आ रहा है।

मृतक युवक की पहचान राहुल कुमार के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के गांव सलेमपुर खादर का रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक राहुल पिछले करीब तीन महीने से पटियाला में काम कर रहा था। मृतक के परिवार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिस कंपनी में राहुल काम करता था, वहां उसे जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं करवाए गए थे। परिवार का आरोप है कि ठेकेदार की कथित लापरवाही के कारण ही राहुल की जान गई। बताया जा रहा है कि राहुल अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गया है। पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम करवाया गया। वहीं, ठेकेदार रौनक ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। ठेकेदार का कहना है कि हादसे में उसकी कोई गलती नहीं है और युवक की मौत जनरेटर से करंट लगने के कारण हुई।

इस मामले को लेकर थाना कोतवाली के एसएचओ गुरप्रीत सिंह हांडा ने बताया कि राजिंदरा अस्पताल की ओर से पुलिस को इस संबंध में रुक्का मिला था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब इस मामले में सवाल उठ रहे हैं कि अगर युवक 11 केवी बिजली की तारों पर काम कर रहा था तो उसकी सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए थे? क्या काम शुरू करने से पहले बिजली की सप्लाई बंद करवाई गई थी? हादसे के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News