21 वर्षीय विवाहिता की संदिग्धावस्था में मौत, ससुराल परिवार पर मामला दर्ज

punjabkesari.in Monday, Mar 19, 2018 - 08:28 AM (IST)

समाना (शशिपाल): कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के गांव सोढी में विवाहित समाना की 21 वर्षीय लड़की की 8 दिन पहले संदिग्धावस्था में जलने के बाद रविवार सुबह चंडीगढ़ के अस्पताल में उपचार दौरान मौत हो गई। इस संबंध में रीटा (21) के पिता राकेश कुमार एवं चाचा पूर्व पार्षद सेवक लाल घुक ने बताया कि लगभग डेढ़ वर्ष पहले उन्होंने रीटा की शादी कुरुक्षेत्र जिला के गांव सोढी निवासी अमरजीत पुत्र प्यारा सिंह से की थी। दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी को ससुरालियों द्वारा शुरू से ही परेशान किया जाता रहा। ट्रक ड्राइवर पिता ने अपनी हैसीयत से अधिक उनकी मांगें पूरी कीं।

मायका परिवार के अनुसार 10 मार्च की रात झुलसी रीटा को कुरुक्षेत्र के अस्पताल में दाखिल करवाने के बावजूद ससुरालियों ने उन्हें कोई सूचना नहीं दी और रीटा को डरा-धमकाकर अपने पक्ष में उससे बयान दर्ज करवा दिए और उपचार हेतु उसे चंडीगढ़ के अस्पताल में भर्ती करवाया जहां उपचाराधीन रीटा की रविवार सुबह मौत हो गई। इसके उपरांत मायका पक्ष के लोगों द्वारा शव को चंडीगढ़ से संबंधित थाना थानेसर लाया गया और रोष प्रकट करने के बाद पुलिस ने लड़की के पिता के बयानों के आधार पर सास, ससुर, पति व देवर के खिलाफ मामला दर्ज किया। इस संबंधी एस.एच.ओ. कमलदीप राणा ने लड़की के पिता के बयानों पर ससुरालियों के खिलाफ लड़की को परेशान कर मरने के लिए मजबूर करने संबंधी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Punjab Kesari