पटियाला का मुर्गीपालक, जिनके फार्म की मुर्गियां रोजाना पैदा कर रही साढ़े 5 लाख अंडे

punjabkesari.in Thursday, Sep 14, 2023 - 09:32 PM (IST)

लुधियाना (विक्की): गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी ने आज पशुपालन मेले में पशुपालन व्यवसायों में असाधारण प्रदर्शन करने वाले चार प्रगतिशील किसानों को मुख्यमंत्री पुरस्कार प्रदान किए। पंजाब के कृषि, पशुपालन और खाद्य प्रसंस्करण के कैबिनेट मंत्री गुरुमीत सिंह खुडियां ने वेटरनरी यूनिवर्सिटी मेला ग्राऊंड में यह सम्मान प्रदान किए। इनमें मुर्गीपालन के क्षेत्र में गांव थूही, जिला पटियाला के ऋषिपाल को सम्मानित किया गया। करीब 20 वर्ष पहले यानि 2003 में उन्होंने मुर्गियां पालने का पेशा शुरू किया और अब फिलहाल उनके पास 6.5 लाख मुर्गियां हैं, जिनसे वह रोजाना 5.5 लाख अंडे पैदा कर रहे हैं। वह अपने फार्म को यूनिवर्सिटी की सिफारिशों के मुताबिक चला रहे हैं। वे मुर्गी फार्म में अपना स्वयं का तैयार किया हुआ चारा उपयोग करते हैं और उन्होंने पिंजरे की विधि अपनाकर शेड तैयार किया है।

डा. प्रकाश सिंह बराड़, निदेशक प्रसार शिक्षा ने पुरस्कारों के बारे में बताते हुए कहा कि पशुपालन व्यवसाय को प्रोत्साहित करने के लिए पंजाब के सभी किसानों से आवेदन मांगे गए थे। प्राप्त आवेदनों की प्रारंभिक जांच के बाद विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों की टीम ने विभिन्न फार्मों का दौरा किया और पशुपालन द्वारा अपनाई जाने वाली नवीनतम और स्व-विकसित तकनीकों का बारीकी से निरीक्षण किया, जिसके बाद ही किसानों को सम्मानित किया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Subhash Kapoor

Related News