विजिलेंस ब्यूरो का बड़ा एक्शन, रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथों गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 11:39 AM (IST)
गुरदासपुर (हरजिंदर सिंह गोराया): विजिलेंस ब्यूरो ने सब-तहसील काहनूवान से म्यूटेशन करवाने के लिए रिश्वत लेते हुए एक पटवारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जानकारी देते हुए विजिलेंस ब्यूरो रेंज अमृतसर के इंस्पेक्टर अभिनाशी सिंह ने बताया कि जसबीर कौर पत्नी मलकीत सिंह निवासी गांव सिधवां, जिला अमृतसर की शिकायत के आधार पर विजिलेंस ब्यूरो की देखरेख में पटवारी विजय कुमार के खिलाफ जाल बिछाया गया था। पटवारी विजय कुमार को 2 हजार रुपये नकद रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके पिता बचन सिंह पुत्र मंगल सिंह निवासी धवे, जिला गुरदासपुर की 2018 में मौत हो गई थी। उसके पिता के नाम पर विरासत में मिली करीब 3 कनाल जमीन उसके, 3 बहनों और एक भाई के नाम पर रजिस्टर्ड थी। उसकी छोटी बहन ने धोखे से जमीन अपने नाम पर रजिस्टर्ड करवा ली थी। जब उसे इस बारे में पता चला तो उसने नायब तहसीलदार के पास लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत को निपटाने के लिए मामला पटवारी विजय को सौंप दिया गया। पटवारी ने 5 हजार रुपये मांगे लेकिन मामला 2 हजार रुपये में तय हुआ। कार्रवाई करते हुए अमृतसर के विजिलेंस रेंज पुलिस स्टेशन में आरोपी पटवारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

