पायल गोलीबारी कांड: मृतक की पत्नी ने निष्पक्ष जांच और परिवार के लिए सरकारी मदद की अपील

punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 09:53 PM (IST)

पायल (विनायक): पायल में हुई गोलीबारी की घटना के दौरान मारे गए युवक सतनाम सिंह उर्फ रिंकू के परिवार की ओर से इंसाफ की मांग की जा रही है। मृतक की पत्नी सरबजीत कौर ने अपने छोटे बच्चों की मौजूदगी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन से इस मामले की पारदर्शी, निष्पक्ष और गहराई से जांच करवाने की अपील की है।

सरबजीत कौर ने दुख भरे लहजे में बताया कि उनके पति सतनाम सिंह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और उनकी अचानक मौत से पूरा परिवार गंभीर आर्थिक और मानसिक संकट में आ गया है। उन्होंने कहा कि पति की मौत ने परिवार को अंदर तक झकझोर कर रख दिया है और अब बच्चों के भविष्य को लेकर बड़ी चिंता बनी हुई है।

उन्होंने सरकार और प्रशासन से अपील की कि इस गोलीबारी कांड की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच करवाई जाए, ताकि घटना के वास्तविक हालात और सच्चाई सामने आ सके तथा दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई हो सके। सरबजीत कौर ने कहा कि परिवार को इंसाफ मिलना बहुत जरूरी है, ताकि पीड़ित परिवार का भरोसा कानून और प्रशासन पर बना रहे।

इस मौके पर उन्होंने सरकार से यह भी मांग की कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई तथा भविष्य की देखभाल के लिए विशेष आर्थिक सहायता मुहैया करवाई जाए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार की ओर से सहयोग मिले तो परिवार को इस मुश्किल घड़ी में कुछ हद तक सहारा मिल सकता है।

इसके साथ ही इलाके के लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मांग की कि मामले की जांच तेज़ी से की जाए और दोषियों को जल्द से जल्द कानून के कटघरे में लाया जाए। इस दौरान यह भी जानकारी मिली है कि मृतक युवक का शाम के समय लाइटें जलाकर अंतिम संस्कार किया गया, जहां परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और इलाके के बड़ी संख्या में लोगों ने उपस्थित होकर मृतक को अंतिम विदाई दी और परिवार के साथ दुख साझा किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News