जालंधर में नकली नोट चलाने का खेल! पराठे की दुकान पर... जानें कैसे हत्थे चढ़ा ग्राहक (Video)

punjabkesari.in Friday, Aug 28, 2026 - 11:29 AM (IST)

जालंधर: भगवान वाल्मीकि चौक के नजदीक एक पराठे की दुकान पर उस समय हंगामा हो गया, जब दुकानदार ने एक ग्राहक को नकली नोट से भुगतान करने की कोशिश करते हुए पकड़ लिया। दुकानदार के मुताबिक, उक्त व्यक्ति पिछले कुछ दिनों से लगातार रात के समय दुकान पर आ रहा था और इससे पहले भी दो बार नकली नोट देकर भुगतान कर चुका था।

बुधवार रात भी वह व्यक्ति दुकान पर पहुंचा और पराठे खाने के बाद भुगतान के लिए एक नोट दुकानदार को दिया। दुकानदार को नोट पर शक हुआ तो उसने उसे ध्यान से चेक किया। जांच में नोट नकली पाया गया। इसके बाद दुकानदार ने आसपास मौजूद लोगों की मदद से व्यक्ति को मौके पर ही रोक लिया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। पुलिस की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली गई तो उसकी जेब से कथित तौर पर कई और नकली नोट बरामद होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई।

दुकानदार का आरोप है कि आरोपी इससे पहले भी दो बार इसी तरह नकली नोट देकर सामान ले चुका था। फिलहाल पुलिस बरामद नोटों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी के पास ये नोट कहां से आए। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपी अकेले इस गतिविधि में शामिल था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila