AAP विधायक के रवैये से भड़के लोग, सड़क पर किया विरोध, गूंजे सरकार विरोधी नारे

punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 07:57 PM (IST)

लुधियाना  (अनिल) : विधानसभा हलका गिल के अधीन आते गांव न्यू बहादुर के में आज आम आदमी पार्टी के हलका विधायक जीवन सिंह सगोंवाल इलाके के लोगों के साथ उनकी समस्याएं सुनने के लिए लोक मिलनी के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, जिसके बाद प्रोग्राम खत्म करके जैसे ही विधायक सगोंवाल वापस जाने लगे तो गांव की महिला सरपंच के पति पिंकी राम और गांव के लोगों द्वारा अपनी मांगों को लेकर विधायक को मांग पत्र देने के लिए रास्ते में खड़े हुए थे। परंतु विधायक लोगों को मिलने की बजाय अपनी गाड़ी में बैठ गए। इसके बाद महिला सरपंच के पति और गांव वासियों द्वारा पुलिस कर्मचारियों को विधायक से मिलाने के लिए कहा गया परंतु विधायक अपनी गाड़ी में बैठकर चलते बने। लोगों ने विधायक की गाड़ी को रोकने की कोशिश की परंतु मौके पर तैनात पुलिस कर्मचारियों द्वारा गांव वासियों को गाड़ी से दूर करना शुरू कर दिया और उसी के बाद गांव के लोगों द्वारा पंजाब सरकार और आम आदमी पार्टी मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। जिसके बाद वहां माहौल तनाव पूर्ण हो गया।

विमुक्त जाति का दो प्रतिशत कोटा बहाल करने के लिए देना था मांग पत्र -सरपंच पति पिंकी राम

गांव न्यू बहादुर के की महिला सरपंच के पति पिंकी राम ने बताया कि उनकी बिरादरी विमुक्त जातियों के अधीन आती है परंतु पंजाब सरकार द्वारा विमुक्त जातियों के लिए दो प्रतिशत कोटा तय किया गया था परंतु बाद में इस कोटे को सरकार द्वारा बहाल नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा हलका विधायक सगोंवाल को मांग पत्र देना था कि उनकी बिरादरी और विमुक्त जातियों के कोटे को तुरंत बहाल करवाया जाए परंतु विधायक द्वारा उनकी बातें सुनने की जगह अपनी गाड़ी में बैठकर बिना बात किए वहां से चले गए। पिंकी राम ने बताया कि जो लोग सरकारी पंचायती जमीनों पर कब्जा करके बैठे हुए हैं, उनके बारे में भी विधायक को जानकारी देनी थी। उन्होंने कहा कि हलका विधायक होने के चलते इलाके के लोगों की बात सुनना उनका फर्ज था परंतु उनकी एक भी बात सुनी नहीं गई, जिसके बाद गांव के लोग विधायक के ना रुकने के बाद मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News