खन्ना के गांव में तेजी से फैल रही बीमारी! लोगों का जमकर फूटा गुस्सा, दी चेतावनी
punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 02:32 PM (IST)
खन्ना (विपन भारद्वाज) : खन्ना के निकट इकोलाहा गांव के पास एक टायर जलाने वाली फैक्टरी को लेकर आसपास के ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं और प्रदूषण के कारण उनका जीवन प्रभावित हो रहा है। लोग चमड़ी के रोगों की चपेट में आ रहे हैं। समाजसेवी संतोख सिंह बेनीपाल, गांववासी रामचंद सिंह और रविंदर सिंह ने बताया कि इस संबंध में पहले भी प्रशासन और पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को शिकायतें दी जा चुकी हैं। उनका आरोप है कि वर्ष 2021 में जांच के दौरान भी कई खामियां सामने आई थीं और संबंधित अधिकारियों ने कार्रवाई की सिफारिश की थी, लेकिन वर्षों बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

हाल ही में 10 जुलाई 2026 को क्षेत्रवासियों ने एसडीएम खन्ना को दोबारा लिखित शिकायत दी, जिस पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से तीन दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद न तो मौके का निरीक्षण किया गया और न ही कोई रिपोर्ट सार्वजनिक की गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होंगे। उधर, एसडीएम खन्ना स्वाति टिवाणा ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद पीपीसीबी से चेकिंग करवाई थी, जिनकी रिपोर्ट भी मिल गई थी। लेकिन फैकट्री के आसपास रहने वाले लोगों ने रिपोर्ट को लेकर इतराज जताया था। अब दोबारा पीपीसीबी टीम को भेज कर चैकिंग करवाई जाएगी। अगर कोई भी नियमों से खिलवाड़ पाया गया तो कार्रवाई होगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

