ससुराल वालों ने की व्यक्ति की मारपीट, अपमान बर्दाश्त ना होने पर उठाया खौफनाक कदम

punjabkesari.in Saturday, Nov 07, 2020 - 08:06 PM (IST)

रूपनगर (विजय): जिला रूपनगर के अंतर्गत पड़ते मोरिंडा क्षेत्र के गांव बडवाली के एक शादीशुदा व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान गुरिन्द्र सिंह पुत्र कुलदीप सिंह निवासी गांव बडवाली (रूपनगर) के रूप में हुई है। इस सम्बंध में पुलिस थाना सदर मोरिंडा के ए.एस.आई. गुरमुख सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक के पिता कुलदीप सिंह निवासी गांव बडवाली ने पुलिस के पास बयान दर्ज करवाए हैं कि उसके पुत्र गुरिन्द्र सिंह का विवाह करीब 10 वर्ष पहले निकटवर्ती गांव अरनौली के निवासी जागीर सिंह की बेटी धनवंत कौर के साथ हुआ था। इस विवाह से उनके घर एक पुत्र ने भी जन्म लिया।

उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले 31 अक्तूबर को गुरिन्द्र सिंह अपने साले की शादी में शामिल होने के लिए गांव लान्डरां के निकट किसी पैलेस में गया था, जहां गुरिन्द्र सिंह के साले तथा उसकी पत्नी ने गुरिन्द्र सिंह के साथ गाली-गलौच कर उसे बेइज्जत किया। कुलदीप सिंह ने बताया कि गत 4 तारीख को जब उसका पुत्र अपनी पत्नी धनवंत कौर को उसके गांव अरनौली से लेने के लिए गया तो उसके ससुर जागीर सिंह, उसके साले बचित्तर सिंह व धलविन्द्र सिंह, सालेहार राजवंत कौर पत्नी बचित्तर सिंह ने उसके पुत्र गुरिन्द्र सिंह के साथ मारपीट की। अपनी ससुराल घर में हुए अपमान को बर्दाश्त न करते हुए गुरिन्द्र सिंह ने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसको उपचार के लिए मोरिंडा के एक निजी अस्पताल में लाया गया लेकिन उसकी गम्भीर हालत के मद्देनजर उसे (गुरिन्द्र सिंह) अमर अस्पताल मोहाली रैफर कर दिया गया, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

इस मामले की जांच कर रहे ए.एस.आई. गुरमुख सिंह ने बताया कि मृतक गुरिन्द्र सिंह के पिता कुलदीप सिंह के बयानों के आधार पर गांव अरनौली निवासी जागीर सिंह, उसके पुत्र बचित्तर सिंह, धल्द्रिर सिंह व राजवंत कौर पत्नी बचित्तर सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दजर कथित आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जबकि मृतक गुरिन्द्र सिंह का पोस्टमार्टम करवाने के पश्चात शव को वारिसों को सौंप दिया गया है।

Mohit