चंडीगढ़ PGI में स्वाइन फ्लू के 170 केस, सबसे ज्यादा 68 केस पंजाब से, सावधान रहने की जरूरत
punjabkesari.in Wednesday, Sep 30, 2026 - 02:21 PM (IST)
चंडीगढ़ (शीना): मौसम में आ रहे बदलाव के कारण फ्लू के मामले भी बढ़ने लगे हैं। पी.जी.आई. चंडीगढ़ में इस साल जनवरी से 26 अगस्त तक इन्फ्लूएंजा के 170 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें से लगभग आधे केस अगस्त महीने में ही दर्ज हुए हैं। PGI के आंकड़ों के अनुसार फ्लू की चपेट में आने वालों में 36 बच्चे भी शामिल है, जिन्हें की उम्र 14 से कम है। आंकड़ों पर नजर डालें तो कुल 170 मरीजों में से 83 पुरुष और 87 महिलाएं हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 68 मरीज पंजाब से PGI आए। इसके बाद हरियाणा से 34, चंडीगढ़ से 28 और हिमाचल प्रदेश से 20 मरीज दर्ज किए गए हैं। उत्तर प्रदेश से भी 10 मरीज सामने आए हैं, जबकि दूसरे राज्यों से भी मरीज इलाज के लिए PGI में आए।
बच्चों में भी सामने आए मामले
P.G.I. में दर्ज मामलों में 134 बालिग और 36 बच्चे शामिल हैं। यह साफ है कि बदलते मौसम में बच्चों को भी फ्लू से बचाने के लिए ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों में अगर लगातार बुखार, खांसी या गले में खराश जैसे लक्षण दिखें, तो इसे आम मौसमी बुखार समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
खांसी-बुखार हो तो रहें सावधान
फ्लू में आमतौर पर बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द और शरीर में दर्द जैसे लक्षण होते हैं। कुछ मरीजों को सांस लेने में भी दिक्कत हो सकती है। अगर लक्षण गंभीर हों या कई दिनों तक रहें, तो डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए। मौसमी इंफेक्शन से बचने के लिए हाथों की सफाई का ध्यान रखना, खांसते या छींकते समय मुंह और नाक ढकना और बीमार होने पर दूसरों के संपर्क में आने से बचना जरूरी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

