साढ़े 7 घंटे चले ऑप्रेशन के बाद पी.जी.आई. के डॉक्टरों ने जोड़ा ASI का हाथ

punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2020 - 05:28 AM (IST)

पटियाला (बलजिन्द्र): पटियाला पुलिस के ए.एस.आई. हरजीत सिंह, जिसका हाथ आज सब्जी मंडी में हुए घातक हमले में काटा गया था, का पी.जी.आई. के प्लास्टिक सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने साढ़े सात घंटों के सफल ऑप्रेशन के बाद जोड़ दिया है। यह जानकारी देते एस.एस.पी. मनदीप सिंह सिद्धू ने पी.जी.आई. के डाक्टरों का विशेष धन्यवाद किया है।



सिद्धू ने बताया कि पी.जी.आई. के डॉक्टरों ने ए.एस.आई. हरजीत सिंह का काटा हाथ जोड़ने के लिए सुबह 10 से शाम साढ़े 5 बजे तक लगातार साढ़े 7 घंटे ऑप्रेशन किया और यह ऑप्रेशन कामयाब रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस का यह जांबाज अधिकारी हौंसलो में है और इसकी असली स्थिति का 5 दिनों बाद पता लग सकेगा। उन्होंने बताया कि आज पटियाला में कर्फ्यू और राहत कामों में लगी पुलिस पर हमलों ने पंजाब और पंजाबियत को शर्मशार किया है। एस.एस.पी. ने कहा कि यह बहुत अफसोसनाक बरताव है जब पुलिस के उस हाथ को ही काट दिया गया, जो अपनी ड्यूटी साथ-साथ जरूरतमंदों की मदद करते हुए कर्फ्यू के शुरू से ही लंगर और राशन बांट रहे थे। 



एस.एस.पी मनदीप सिंह सिद्धू ने कहा कि यह व्यक्ति, जो कि निहंगों के भेस में आए थे, ने निहंगों के बाणें का भी निरादर किया है और इस घटना की जितनी भी निंदा की जाए, वह थोड़ी है। उन्होंने कहा कि पटियाला पुलिस ने जिलों में जहां संकट की इस घड़ी में आम लोगों को महामारी से बचाने के लिए और कर्फ्यू को लागू करने के लिए दिन रात एक किया है, वहां ही पुलिस ने जरूरतमंदों को भी लंगर और राशन पहुंचाते हुए मदद की है।

ये है पूरा मामला
गौरतलब है कि रविवार सुबह पटियाला में सब्जी मंडी में आए निहंगों और पुलिस के बीच नोकझोंक के बाद अच्छी खासी झड़प हो गई थी। घायलों को शहर के राजेंद्रा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस दौरान निहंगों ने गाड़ी में बैठ कर फरार होने की भी कोशिश की और सड़क पर लगे बैरेकेड को तेज रफ्तार गाड़ी से उड़ा दिया था। पुलिस ने जैसे ही उन्हें गाड़ी से बाहर निकालने की कोशिश की निहंगों ने पुलिस पर हमला कर दिया। इस हमले में एक एएसआइ के हाथ कटकर अलग हो गया था, जबकि थाना सदर इंचार्ज बिक्कर सिंह और एक अन्य मुलाजिम जख्मी हुआ है। हाथ कटने से जख्मी हुए एएसआइ की हालत गंभीर होने के कारण उसे पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। 

Mohit