PGI में कोरोना के गंभीर मरीजों के इलाज के लिए प्लाज्मा बैंक की शुरूआत

punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2020 - 04:20 PM (IST)

चंडीगढ़ (रवि पाल): पी.जी.आई. में गंभीर कोरोना पॉजीटिव मरीजों के इलाज के लिए अब प्लाज़्मा बैंक की शुरुआत हो गई है। ब्लड ट्रांसफ्यूजन डिपार्टमैंट के हैड डॉ. आर.आर. शर्मा कहते हैं कि डिपार्टमैंट ने 100 के करीब डोनर्स की लिस्ट तैयार की है, जिसमें से कुछ लोग डोनेशन के लिए तैयार हैं। उनकी टैस्टिंग कर उनसे प्लाज्मा लिया जाएगा। पी.जी.आई. में इसे गंभीर मरीजों के लिए फ्री में दिया जाएगा, जबकि प्राइवेट सैक्टर के लिए एक कम कीमत पर उसे दिया जाएगा। डॉ. शर्मा ने बताया कि बैंक को बनाना इतना मुश्किल नहीं है, जितना डोनेशन के लिए लोगों को जागरूक करना है। पी.जी.आई. इन मरीजों में अपील करता है कि वह आगे आकर प्लाज़्मा डोनेट करें, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों की जान बचाई जा सके।

अभी तक 10 मरीज किए हैं ट्रीट
पी.जी.आई. ने आई.सी.एम.आर. के ट्रायल प्रोजैक्ट के तहत अभी तक 10 मरीजों को प्लाज़्मा थैरेपी से ट्रीट किया है। पी.जी.आई. इंटरनल मैडीसिन डिपार्टमैंट ने प्लाज़्मा थैरेपी से ट्रीट किए गए उन सभी मरीजों को 28 दिन तक ट्रैक किया था। इसमें देखा गया कि किसी भी मरीज को कोई दूसरी परेशानी नहीं हुई है।

यहां कर सकते हैं कांटैक्ट
अगर कोई पॉजीटिव मरीज इंफैक्शन से रिकवर कर गया और प्लाज़्मा देने देना चाहता है तो वह ब्लड ट्रांसफ्यूजन डिपार्टमैंट के डॉ. सचेत सचदेव 7087009487 और डॉ. दिवजोत सिंह लम्बा से 7087003371 पर कांटैक्ट कर सकता है।

पिछले महीने बनाई थी 8 लोगों की कमेटी
कोरोना मरीजों के लिए प्लाज़्मा थैरेपी एक उम्मीद बनी हुई है। अभी तक इसके रिजल्ट काफी पोजिटिव रहे है। यू.टी. एडमिनिस्ट्रेशन ने पिछले महीने पी.जी.आई. को प्लाज्मा बैंक बनाने का सुझाव दिया था,  जिसे देखते हुए पी.जी.आई. में बैंक बनाने को लेकर काम शुरू हुआ। बैंक बनाने को लेकर 8 लोगों की एक कमेटी बनाई गई थी, जिसने अपने सुझाव दिए। इसके बाद बैंक को बनाया गया है। 

Vatika