अब नए डिजाइन में बनेगा फगवाड़ा का फ्लाईओवर

punjabkesari.in Monday, Feb 18, 2019 - 08:16 AM (IST)

फिल्लौर(भाखड़ी): फगवाड़ा शहर में वर्षों से रुके हुए फ्लाईओवर का निर्माण कार्य शुरू करवाने के लिए एन.एच.ए. ऑफ इंडिया जल्द ही कदम उठाने जा रही है। इस पुल के अधर में लटकने के 3 मुख्य कारण सामने आए हैं जिनमें पुल को बनाने वाली कंपनी को रुपयों की कमी आने के कारण यह पुल अधर में लटक गया। दूसरा शहर निवासियों को इस फलाईओवर का डिजाइन नहीं पसंद आ रहा था। तीसरा डिफैंस की तरफ से अपना सामान शिफ्ट करने में की गई देरी भी सामने आई है।

यह खुलासा आर.टी.आई. से मिली जानकारी में हुआ। आर.टी.आई. कार्यकर्ता रोहित सभ्रवाल ने बताया कि लुधियाना से जालंधर जाने का नैशनल हाईवे पर जो रास्ता मात्र 30 से 40 मिनट में पूरा होना चाहिए, फगवाड़ा शहर में वर्षों से लंबित पड़े फ्लाईओवर के निर्माण के चलते उस रास्ते को पूरा करने में डेढ़ से 2 घंटे का समय लग जाता है। इस कारण वहां हर वक्त गाडिय़ों का लंबा जाम लगा रहता था। इस संबंध में जब उन्होंने आर.टी.आई. के माध्यम से जानकारी हासिल की तो पता चला कि फगवाड़ा शहर में बनने वाले फ्लाईओवर का ठेका वर्षों पहले जिस सोमा आईसोलैक्स कंपनी को दिया गया था उसे कंस्ट्रक्शन के समय रुपयों की कमी आ गई।

सभ्रवाल ने बताया कि कंपनी को आई यह कमी समझ से परे है, क्योंकि सोमा आईसोलैक्स कंपनी को लाडोवाल टोल प्लाजा से एक दिन की कमाई 40 लाख रुपए के ऊपर हो रही है। दूसरे कारण में मुख्य बात यह सामने आई कि फगवाड़ा शहर के लोग इस फ्लाईओवर के डिजाइन को लेकर कड़ा एतराज जता रहे हैं। लोग चाहते हैं कि पुल का डिजाइन इस प्रकार हो जिससे सड़क के दोनों तरफ के लोग बिना किसी अवरोधक के सड़क के दूसरी तरफ जा सकें जिस कारण नैशनल हाईवे ने अब नए बनने वाले ब्रिज के डिजाइन में भी बदलाव किया है। 

आर.टी.आई. में नैशनल हाईवे अथॉरिटी आफ इंडिया ने बताया कि रुके हुए फ्लाईओवर का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करवाने के लिए नए कांट्रैक्टरों को बुलाया गया है, जो इस कार्य को जल्द पूरा करने की शर्तों पर खरा उतरेगा उसे नए बने डिजाइन के मुताबिक पुल बनाने का कार्य सौंप दिया जाएगा। 

Anjna