जान से मारने की धमकी देकर 3 बच्चों की मां का किया शारीरिक शोषण

punjabkesari.in Thursday, Aug 22, 2019 - 09:04 AM (IST)

लुधियाना(महेश): परिवार को जान से मारने की धमकी देकर 3 बच्चों की मां का शारीरिक शोषण करने मामला सामने आया है जिसका आरोप महिला के एक जानकार पर लगा है। हैबोवाल पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर रेप का केस दर्ज करके टंडन नगर के राजिंद्र कुमार को नामजद किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। मूल रूप से बिहार की रहने वाली 30 वर्षीय पीड़िता ने बताया कि वह अपने 3 बच्चों व पति के साथ हैबोवाल इलाके में रहती है।

इससे पहले वह टंडन नगर रहती थी। उनके पड़ोस में राजिंद्र ने कमरा किराए पर लिया व उसके साथ उनके पारिवारिक संबंध बन गए। आरोपी अक्सर उनके पर आया करता था,  परंतु जल्द ही वह आरोपी की बुरी नीयत भांप गई। यह बात उसने अपने पति को बताई। पिछले साल अक्तूबर महीने में उन्होंने वहां से घर बदलकर सनसिटी में किराए पर ले लिया। तब भी आरोपी ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। पति की गैर-हाजरी में वह कोई न कोई बहाना बनाकर उसके घर पर जबरन आ धमकता था।

22 मई को उसका पति काम पर गया हुआ था। दोपहर करीब 2 बजे आरोपी उसके घर आया व उसकी मर्जी के बिना के उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। उसने उसे धमकाया कि अगर उसने किसी के सामने जुबान खोली तो वह उसके परिवार को जान से मार देगा। बदनामी व दहशत की वजह से उसने यह बात किसी को नहीं बताई। उसकी इस चुप्पी के कारण आरोपी का हौसला बढ़ गया। उसने उसे शारीरिक व मानसिक रूप से और प्रताडि़त करना शुरू कर दिया। जब आरोपी की हरकतें बर्दाश्त से बाहर हो गई तो उसने सारी बात अपने पति को बताई जिसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी। जांच अधिकारी सुदर्शन लाल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। 
 

Vatika