घर देखने आए Couple पर Pitbull ने किया हमला, मकान मालिक के खिलाफ केस दर्ज
punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 07:38 PM (IST)
पटियाला (बलजिंदर): पंजाब में पिटबुल कुत्तों के अटैक के मामले कम नहीं हो रहे हैं। पटियाला से बेहद ही दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के घुम्मन नगर इलाके में घर खरीदने के लिए घर देखने गए पति-पत्नी पर पिटबुल कुत्ते के हमला कर दिया। इस मामले में अनाज मंडी थाने की पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है। यह केस पटियाला के पुराना गड्डा खाना आर्य समाज चौक के रहने वाले अंकित सभ्रवाल की पत्नी सिफाली सभ्रवाल की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता सिफाली ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति और एक डीलर के साथ घुम्मन नगर, पटियाला में एक घर देखने गई थी। मालिक से फोन पर बात करने के बाद जब उसने गेट खोला तो घर में रखे पिटबुल कुत्ते ने महिला सिफाली सभ्रवाल पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह काट लिया। जब उसका पति अंकित ने उसे छुड़ाने की कोशिश की तो कुत्ते ने उसे भी काट लिया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद शिकायत करने वाली महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है और वह बहुत डरी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शिकायत दर्ज कर घर के मालिक के खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

