PKF की चेयरपर्सन राजमोहिनी सोंधी प्रभु चरणों में विलीन

punjabkesari.in Tuesday, Jan 28, 2020 - 12:06 AM (IST)

जालंधर(कमलेश): पंजाब कश्मीर फाइनांस(पी.के.एफ.) लिमिटेड की चेयरपर्सन राजमोहिनी सोंधी आज प्रभु चरणों में जा बिराजी हैं। सोंधी के बड़े बेटे आलोक सोंधी ने बताया कि उनकी माता 87 वर्ष की उम्र में भी काफी एक्टिव थीं और ऑफिस का कामकाज संभालती थीं। इसके अलावा पी.के.एफ. फाइनांस ग्रुप द्वारा आयोजित किए जाने वाले हर कार्यक्रम में वह हमेशा शामिल रहती थीं। 

उन्होंने बताया कि उनकी माता राजमोहिनी सोंधी का जन्म देहरादून में हुआ था। उन्होंने गुरुकुल कांगड़ी हरिद्वार से सनातक की डिग्री हासिल की थी। अपने पूरे जीवन काल में उन्होंने धार्मिक व सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया, विशेषकर वह आर्य समाज मॉडल टाऊन से जुड़ी हुई थीं और स्त्री आर्य समाज मॉडल टाऊन के प्रधान पद पर रहकर उन्होंने अपने सेवाएं दी थीं।

दिवंगत राजमोहिनी सोंधी लंबे समय तक पंजाब केसरी ग्रुप के साथ जुड़ी रहीं और स्व. स्वदेश चोपड़ा जी के साथ उनका नजदीकी का रिश्ता था और वह स्वदेश चोपड़ा जी के साथ हर सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लेती रहीं। इसके अलावा स्व. राजमोहिनी सोंधी और स्व. स्वदेश चोपड़ा दोनों ने ही इनरव्हील क्लब के साथ जुड़कर समाज कल्याण के कार्यों में योगदान डाला।

आलोक सोंधी ने बताया कि उनकी माता का पी.के.एफ. को शीर्ष पर ले जाने में काफी योगदान रहा है और आज पी.के.एफ. फाइनांस लिमिटेड जिस मुकाम पर पहुंच चुका है उसका पूरा श्रेय उनकी माता को ही जाता है। उनके पिता बलबीर राज सोंधी का 1993 में निधन हो गया था, जोकि उस समय पी.के.एफ. के मैनेजिंग डायरेक्टर थे। उनके पिता कन्या महाविद्यालय के सेक्रेटरी के पद पर आसीन थे और इसके अलावा उन्होंने भी समाज कल्याण के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

पिता के निधन के बाद माता जी ने पूरे परिवार को एक माला में पिरोए रखा। उनकी कमी हमेशा ही पूरे परिवार और समाज को खलेगी। दिवंगत राजमोहिनी सोंधी अपने पीछे बेटों आलोक सोंधी, विवेक सोंधी, बेटियों ज्योति सग्गी, कीर्ति धवन और भरे पूरे परिवार को छोड़ गई हैं। राजमोहिनी सोंधी की अंतिम यात्रा उनके निवास स्थान 317 न्यू जवाहर नगर सामने गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम से शाम 4.30 निकलेगी और उनका अंतिम संस्कार शाम पांच बजे किशनपुरा श्मशानघाट में होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Pardeep

Recommended News

Related News