PM-KISAN योजना को 5 साल बढ़ाना ऐतिहासिक फैसला, मोदी सरकार किसान हितैषी: केवल सिंह ढिल्लों

punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 06:57 PM (IST)

पंजाब डेस्क : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि' योजना को अगले 5 वर्षों के लिए बढ़ाने के ऐतिहासिक निर्णय का पुरजोर स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय कैबिनेट द्वारा इस योजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने के लिए 3.15 लाख करोड़ रुपए के वित्तीय आवंटन को मंजूरी देना यह साबित करता है कि मोदी सरकार सच्चे अर्थों में किसान हितैषी है।

केवल सिंह ढिल्लों ने बताया कि इस निर्णय से पंजाब के लाखों किसानों सहित देश भर के किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपए की वित्तीय सहायता 3 समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में मिलती रहेगी। इससे किसानों की खेती में निवेश करने की क्षमता बढ़ेगी, जोखिम कम होंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बड़ी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि फरवरी 2019 में शुरू हुई यह योजना देश की सबसे बड़ी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर योजनाओं में से एक है, जिसके तहत अब तक 23 किस्तों के जरिए किसानों के खातों में 4.7 लाख करोड़ रुपए से अधिक की राशि भेजी जा चुकी है।

केवल सिंह ढिल्लों ने आगे कहा कि मोदी सरकार पंजाब के किसानों की आर्थिक मजबूती के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्र सरकार द्वारा पंजाब के किसानों को धान और गेहूं की फसलों पर रिकॉर्ड न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देकर सीधी और निर्बाध सरकारी खरीद सुनिश्चित की जा रही है, जिसका भुगतान भी सीधा किसानों के खातों में जाता है। इसके साथ ही, खेती की लागत घटाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा यूरिया और डी.ए.पी. खादों पर सालाना लाखों करोड़ रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। वैश्विक स्तर पर खादों की कीमतें बढ़ने के बावजूद मोदी सरकार ने इसका बोझ किसानों पर नहीं पड़ने दिया और यूरिया सस्ते दामों पर उपलब्ध कराया। केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि मोदी सरकार का मुख्य उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, खेती को अधिक टिकाऊ बनाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को रफ्तार देना है। उन्होंने पंजाब के किसानों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस बेहतरीन कदम और किसान-हितैषी नीतियों के लिए धन्यवाद किया।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News