84 दंगों के बयान पर शर्म पित्रोदा को नहीं राहुल गांधी को आनी चाहिए: मोदी

punjabkesari.in Monday, May 13, 2019 - 06:50 PM (IST)

बठिंडा: प्रधानमंत्री नरेंद मोदी ने 1984 के सिख विरोधी दंगे और इस पर सैम पित्रोदा के बयान को लेकर अब राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पित्रोदा के बयान पर शर्म राहुल को आनी चाहिए। मोदी ने कहा कि अब तक के छह चरणों के चुनाव से यह साफ हो गया है कि कांग्रेस 50 सीटें भी नहीं जीत रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज पूरे देश में 50 सीटों के लिए संघर्ष कर रही है, कांग्रेस के नेता कन्फ्यूज हैं और सोच डिफ्यूज है। 

वह सोमवार को बठिंडा में रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होने कहा नामदार के गुरु ने कहा है 1984 में जो हुआ, वो हुआ तो हुआ, ये कांग्रेस की सोच को दर्शाता है और कांग्रेस के अहंकार को दिखाता है। कांग्रेस की करतूतों की वजह से, आज तक 1984 के दंगा पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पाया। हमने एक दोषी को सजा दिलवा दी है, बाकियों को भी नहीं छोड़ेंगे। मोदी ने कहा कि हम यहां करतारपुर कॉरिडोर बनाने का काम कर रहे हैं तब भी कांग्रेस के लोग पाकिस्तान के गुणगान कर रहे हैं।

कांग्रेस ने किसानों के साथ भी ठगी की है पंजाब में तो कांग्रेस ने किसानों से कर्जमाफी की बात थी, उसकी सच्चाई आप अच्छी तरह जानते हैं। रैली में पूर्व मुख्‍यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, शिअद के प्रधान सुखबीर बादल, भाजपा के प्रदेश प्रधान श्‍वेत मलिक और बठिंडा से शिअद के प्रधान हरसिमरत कौर बादल मौजूद हैं। रैली को हाल ही में शिअद में शामिल हुए पूर्व कांग्रेस नेता जगमीत बराड़ सहित अन्‍य नेताओं ने संबोधित किया।

Vaneet