काल बनकर 108 जिंदगियां निगल गई जहरीली शराब, जानिए कहां से आया था मौत का सामान

punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2020 - 01:22 PM (IST)

चंडीगढ़/जालंधर(अश्वनी, धवन): मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह द्वारा नकली शराब मामले में पड़ताल और तेज करने के दिशा-निर्देशों के मद्देनजर पंजाब पुलिस ने 2 व्यापारियों समेत 12 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। लुधियाना निवासी पेंट के एक व्यापारी की भी खोज शुरू कर दी है जिसने मूलभूत तौर पर नकली शराब के 3 ड्रम सप्लाई किए थे। 

PunjabKesari

मोगा के रविंद्र ने लुधियाना से खरीदे थे 3 केन
24 घंटों दौरान गिरफ्तारियों में मोगा का रविंद्र सिंह आनंद भी शामिल है। मकैनिकल जैक बनाने वाली फैक्टरी चलाने वाले रविंद्र ने लुधियाना के कारोबारी से 11,000 रुपए प्रति ड्रम के हिसाब से नकली शराब के 3 केन (प्रत्येक 200 लीटर) खरीदे थे। हाल ही में हैंड सैनेटाइजर के उत्पादन की शुरूआत भी की थी। उसके पास से 3 ड्रम मोगा के अवतार सिंह के पास पहुंचे जिसने तरन तारन के गांव पंडोरी गोला के निवासी हरजीत सिंह और 2 पुत्रों को 28,000 रुपए प्रति ड्रम के हिसाब से बेच दिए। हरजीत और पुत्रों ने 50,000 रुपए दिए थे और बाकी भुगतान करना था। उन्होंने ड्रमों को अपने गांव के नजदीक झाडिय़ों में छुपा दिया। मुख्यमंत्री ने डी.जी.पी. दिनकर गुप्ता को पुलिस को मामले की तह तक जाने के लिए पूरी ताकत के साथ पड़ताल में जुटने के निर्देश दिए। साथ ही पंजाब पुलिस ने निलंबित किए 2 डी.एस.पी. और 4 एस.एच.ओ. के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है। मैजिस्ट्रेट जांच में संदग्धि व्यक्तियों, 6 पुलिस और 7 कर व आबकारी अफसरों, जिनके निलंबन के आदेश मुख्यमंत्री ने शनिवार को जारी किए थे, की भूमिका की गहराई के साथ जांच की जा रही है। 

PunjabKesari

गिरफ्तार व्यक्तियों की संख्या 37 हुई, 5 सरगना भी शामिल 
डी.जी.पी. दिनकर गुप्ता ने बताया कि मामले में गिरफ्तार व्यक्तियों की संख्या 37 तक पहुंच गई है, जिनमें अवैध शराब माफिया, जो कई जिलों में जाल फैला चुका था, के 5 सरगना भी शामिल हैं। आठ अन्य दोषियों की पूरी सक्रियता के साथ खोज शुरू कर दी है, जिनमें लुधियाना निवासी एक पेंट की दुकान का मालिक राजेश जोशी भी है, जो माफिया लड़ी का एक अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा कि जिलों में फैले अलग-अलग सप्लाई रूटों की पहचान करने के लिए भी कोशिशें जारी हैं, क्योंकि अभी तक भगौड़े लुधियाना के व्यापारी से नकली शराब की खरीद करने वाले व्यक्तियों की संख्या काफी ज्यादा थी। इस मामले में मौतों की संख्या 108 तक पहुंच चुकी है, जिसमें से तरनतारन में 82 और अमृतसर व बटाला में 13-13 मौतें हुई हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News