ASI साथियों के साथ आधा किलो अफीम सहित गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Nov 25, 2019 - 08:50 AM (IST)

लुधियाना (अनिल): नशे को खत्म करने के लिए राज्य सरकार द्वारा गठित स्पैशल टास्क फोर्स की टीम ने पंजाब पुलिस के ए.एस.आई. को आधा किलो अफीम सहित उसके 2 साथियों के साथ गिरफ्तार किया है। ए.एस.आई. जगजीत सिंह को पुलिस कमिश्नर राकेश अग्रवाल ने सस्पैंड कर दिया है। सी.पी. राकेश अग्रवाल का कहना है कि आरोपी को जबरी रिटायर किया जा रहा है। उसे सर्विस का कोई लाभ नहीं मिलेगा। 

एस.टी.एफ. के ए.आई.जी. स्नेहदीप शर्मा व एस.पी. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि एस.टी.एफ. लुधियाना फूलपुर रोड के इंचार्ज हरबंस सिंह की टीम को मुखबिर ने सूचना दी कि जिला उद्योग केंद्र के पास तस्कर कार में सवार होकर अफीम लेकर लोगों को सप्लाई करने आ रहे हैं। टीम ने नाकाबंदी दौरान एक कार को रोककर तलाशी ली तो उसमें आधा किलो अफीम बरामद हुई। आरोपियों की पहचान ए.एस.आई. जगजीत सिंह पंजा निवासी पुलिस कॉलोनी जमालपुर लुधियाना, लखविंद्र सिंह निवासी आदर्श नगर बठिंडा व अंग्रेज सिंह निवासी दीप सिंह नगर बङ्क्षठडा के रूप में हुई है जिनके खिलाफ थाना एस.टी.एफ. मोहाली में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी खुद भी नशा करते हैं। 

एक साथी पंजाब पुलिस से गैर-हाजिर, दूसरे पर भी दर्ज हैं मामले 
हरबंस सिंह ने बताया कि आरोपी थानेदार जगजीत सिंह लुधियाना में तैनात है और पिछले 5 साल से अफीम की तस्करी कर रहा है, जबकि उसका दूसरा आरोपी अंग्रेज सिंह 1996 में फिरोजपुर में पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था 2006 में उससे एक कैदी भाग गया जिसके बाद उस पर मुकद्दमा दर्ज हो गया था और वह ड्यूटी से गैर-हाजिर है। तीसरे आरोपी लखविंद्र सिंह पर अफीम व धोखाधड़ी के 2 मामले दर्ज हैं और 4 महीने पहले ही जेल से बाहर आया है। आरोपी सिरसा से अफीम खरीद कर लाए थे। 

swetha